शहपुरा में NH 45 पर रेलवे लाइन के ऊपर बने ओवरब्रिज का एक और हिस्सा रविवार शाम करीब 4 बजे अचानक भरभराकर गिर गया। इससे पहले भी पुल का एक भाग धंस चुका था। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मार्ग पूरी तरह बाधित होने से शहर में भीषण जाम की स्थिति बन गई।
पहले भी धंस चुका था हिस्सा
स्थानीय लोगों के अनुसार तीन माह पूर्व बरसात के दौरान पुल का एक हिस्सा धंस गया था, जिसके बाद मार्ग पर वन-वे व्यवस्था लागू की गई थी। रविवार को उसी के समीप स्थित दूसरा भाग भी ध्वस्त हो गया। बताया जा रहा है कि पुल के इस हिस्से में मिट्टी भराव किया गया था और वन-वे यातायात के कारण बढ़े दबाव से संरचना कमजोर पड़ गई।
यातायात डायवर्ट, टोल फ्री निकासी
ओवरब्रिज गिरने के बाद शहपुरा नगर से ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। भारी वाहनों को पाटन मार्ग की ओर मोड़ा जा रहा है, जबकि अन्य वाहनों को वैकल्पिक ग्रामीण मार्गों से निकाला जा रहा है। टोल प्लाजा प्रबंधन ने वाहनों को बिना शुल्क निकासी की अनुमति दी है। हालांकि संकरे ग्रामीण रास्तों के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ये भी पढ़ें- प्यार, शक और हत्या: छाती पर चढ़कर घोंटा गला, शव से बनाए संबंध; एमबीए छात्रा हत्याकांड की अब तक की पूरी दास्तां
स्थानीय लोगों में आक्रोश
स्थानीय नागरिकों ने निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते मरम्मत की जाती तो यह स्थिति नहीं बनती।
प्रशासन ने कही तकनीकी जांच की बात
थाना प्रभारी शहपुरा प्रवीण धुर्वे ने बताया कि यह जबलपुर भोपाल नेशनल हाईवे क्रमांक 45 है। इसमें क्योंकि ब्रिज निर्माण कार्य शुरू हो गया है इसलिए ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। यहां भारी वाहनों को मोड़ा जा रहा है | एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी का कहना है कि जो ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है वो पाटन होकर जबलपुर जाएंगे या भोपाल जाएं ऐसी व्यवस्था की गई है। इसके अलावा एक पौड़ी फाटक वाला मार्ग भी शुरू है। ब्रिज बनने से वो जो गेट है वो उसको बंद किया गया है और ब्रिज टेक्निकल कारणों से गिरा है, जिसे इंजीनियर समझने की कोशिश के रहे हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.