गेहूं खरीदी व्यवस्था के लिए सरकार ने बनाई मंत्रीमंडल समिति
गेहूं खरीदी व्यवस्था की निगरानी के लिए मध्य प्रदेश सरकार ने मंत्रिमंडल समिति बनाई है और इसमें पांच मंत्रियों को शामिल किया गया है. खरीदी के दौरानउपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कमेटी का गठन किया गया है. इस कमेटी में जो मंत्री शामिल हैं. उनमें राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, मंत्री उदय प्रताप सिंह, कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना, गोविंद सिंह राजपूत, लखन पटेल के नाम शामिल हैं. इस समिति का कार्यकाल 30 जून 2026 तक रहेगा.
विष्णुदेव साय ने कही ये बात
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि आमजन को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है. प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. सभी जिलों के अधिकारियों को रसोई गैस की सुचारु आपूर्ति, नियमित स्टॉक मॉनिटरिंग और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. जनता से अपील है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें और आवश्यकता के अनुसार ही गैस बुक करें.
आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले आरोपी पर कलेक्टर ने लगाया रासुका
खंडवा में आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले आरोपी पर कलेक्टर ने रासुका की कार्रवाई की है उसके बाद पुलिस ने आरोपी का बीच शहर में जुलूस निकाला है. आपको बता दें कि पिछले दिनों शहर के मोघट थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर एक आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर थाने में जमकर बवाल हुआ था. भीड़ ने पोस्ट करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर थाने में हंगामा कर दिया था. ये पोस्ट खंडवा के प्रभाकर उर्फ प्रभु ने की थी. इस मामले में खंडवा की मोघट पुलिस ने आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया था. आरोपी के विरुद्ध खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने लोक व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम, 1980 के तहत तहत जिला जेल खंडवा में निरुद्ध रखने के आदेश जारी किए हैं. आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद मंगलवार मोघट थाना पुलिस ने आरोपी प्रभाकर उर्फ प्रभु शिंदे का नगर निगम से होते हुए घंटाघर तक जुलूस निकाल दिया.
बैतूल में भीषण सड़क हादसा
बैतूल में नागपुर फोरलेन पर भीषण हादसा हुआ है, जहां तेज रफ्तार कार सड़के किनारे जाकर पलट गई. कार में सवार युवती की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं युवती के पिता गंभीर रूप से घायल हैं. ऐसे बताया जा रहा है कि परिवार एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नागपुर जा रहा था. मुलताई थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है.
राज्य पुलिस सेवा के तीन अधिकारियों के हुए तबादले
मध्य प्रदेश में में राज्य पुलिस सेवा के तीन अधिकारियों के तबादले किए गए हैं. SDOP मंदसौर कीर्ति बघेल को SDOP शाजापुर बनाया गया है. वहीं SDOP बागली सृष्टि भार्गव को एडिशनल एसपी PHQ बनाया गया है. वहीं संजय सिंह बैस को कार्यवाहक SDOP बागली बनाया गया है.
भोपाल में 55 लाख की लूट
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रंगपंचमी की रात को बड़ी लूट की वारदात सामने आई है. जब बदमाशों ने 55 लाख की लूट को अंजाम दिया है. बदमाशों ने चाकू अड़ा कर लूट की और व्यापारियों को अपना निशाना बनाया. प्रॉपर्टी डीलर दिव्यांग बरोट से चाकू की नोक पर बदमाशों ने पैसे लूटे.
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग नोटिस देकर मांगा जवाब
रायसेन में ईरान के समर्थन रीलबाजी करने का मामला गरमा गया है. किले पर अवैध तोप के उपयोग विवादित वायरल वीडियो पर एक्शन लेते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग NHRC ने नोटिस जारी किया है. और रायसेन, कलेक्टर, एसपी और पुरातत्व विभाग से जवाब मांगा है. NHRC ने दो सप्ताह में पूरी विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. पुरातत्व विभाग के अधीन किले से मुस्लिम युवकों ने रील बनाई थी.
नरसिंहपुर जिले में तेंदुए की मौत से सनसनी
नरसिंहपुर जिले के एनएच-44 पर झिराघाटी के पास एक नर तेंदुए की मौत से सनसनी फैल गई है.
बताया जा रहा है कि अज्ञात वाहन की टक्कर से करीब 7 फीट लंबे तेंदुए की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही सुआतला थाना प्रभारी प्रियंका केवट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं.
नरेंद्र सिंह तोमर के काफिले में गाड़ियों की टक्कर, कुछ लोगों को मामूली चोटें
गुना में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं. वह पूर्व विधायक राव राजकुमार सिंह यादव को श्रद्धांजलि देने महुहन जा रहे थे. ईसागढ़-देहरदा मार्ग पर सड़क निर्माण के दौरान धूल और गिट्टी के ढेर के कारण हादसा हुआ. काफिले की आगे चल रही स्टाफ गाड़ी गिट्टी के ढेर पर चढ़ गई, जिससे पीछे की गाड़ी टकरा गई. इसमें कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, लेकिन बड़ा हादसा टल गया.
बैतूल में कोयला खदान मजदूरों का विरोध, ठेकेदारों पर वेतन की कटौती का आरोप
बैतूल में कोयला खदान मजदूरों ने ठेकेदारों द्वारा शोषण के खिलाफ आंदोलन शुरू कर दिया है. मजदूरों का मासिक वेतन 32,000 से 35,000 रुपये है, लेकिन ठेकेदार तनख्वाह मिलने के दिन ही 27,000 से 28,000 रुपये वापस ले लेते हैं. यह अनियमितता कई सालों से जारी है और कोल फील्ड प्रबंधन को इसकी जानकारी होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई. मजदूरों ने न्याय के लिए कलेक्टर से गुहार लगाई और कलेक्टर ने इस मामले को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया.
जबलपुर में गैस संकट गहराया, ऑनलाइन-ऑफलाइन बुकिंग ठप
जबलपुर में खाड़ी युद्ध के असर के चलते गैस सप्लाई की समस्या सामने आने लगी है. कमर्शियल गैस की सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और अन्य संस्थान प्रभावित हो रहे हैं और एक-दो दिन में इनके बंद होने की आशंका है. वहीं, घरेलू गैस की ऑनलाइन बुकिंग भी नहीं हो पा रही है और एजेंसियां ऑफलाइन बुकिंग से भी मना कर रही हैं. सर्वर डाउन होने की बात कही जा रही है, जिससे उपभोक्ता तीन-तीन दिन से परेशान हैं. फिलहाल, गैस की सप्लाई सिर्फ हॉस्टल और अस्पतालों को ही दी जा रही है.
ग्वालियर के बाबा गार्डन में ड्रामा, दूल्हे के अफेयर का खुलासा, दुल्हन ने ठुकराया
ग्वालियर के कंपू थाना क्षेत्र स्थित बाबा गार्डन में एक शादी समारोह के दौरान हंगामा हो गया, जब दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया. बताया जा रहा है कि दूल्हे का किसी दूसरी लड़की से अफेयर था. उस लड़की ने दुल्हन को मैसेज और फोटो भेजकर दूल्हे को अपना प्रेमी बताया. इसके बाद मामला थाने पहुंच गया. पुलिस ने दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई. वहीं, दुल्हन पक्ष दूल्हे के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहा है.
सतपुड़ा की पहाड़ियों में दिखे दुर्लभ प्रजाति के उल्लू, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
खरगोन जिले के भगवानपुरा क्षेत्र में सतपुड़ा की पहाड़ियों में दुर्लभ प्रजाति के उल्लू दिखाई दिए हैं. वन ग्राम धरमपुरी के पास पहाड़ी की एक गुफा के नजदीक दो उल्लू के बच्चों का वीडियो सामने आया है, जो सामान्य उल्लुओं से अलग नजर आ रहे हैं. सतपुड़ा के जंगलों में वैसे तो कई तरह के वन्य जीव और पक्षी पाए जाते हैं, लेकिन इस तरह के उल्लू दिखाई देने से इलाके में आदिवासियों और ग्रामीणों के बीच कौतूहल का माहौल बन गया है. दुर्लभ उल्लू का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इन दुर्लभ उल्लुओं के दृश्य सबसे पहले न्यूज18 पर दिखाए जा रहे हैं.
छतरपुर में गैस सिलेंडर फटने से मकान के उड़े परखच्चे, आगजनी का वीडियो आया सामने
छतरपुर जिले के राजनगर कस्बे में गैस सिलेंडर फटने से भीषण हादसा हो गया. वार्ड नंबर 14 में रहने वाले एक परिवार के घर में घरेलू गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ, जिससे मकान के परखच्चे उड़ गए और घर में आग लग गई. विस्फोट इतना तेज था कि मकान की दीवारें और छत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. घटना के समय का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घर के अंदर आग लगी दिखाई दे रही है और फटा हुआ गैस सिलेंडर मौके पर पड़ा नजर आ रहा है. हादसे में पीड़ित राजन कोरी का परिवार बुरी तरह प्रभावित हुआ है और अब प्रशासन से मदद की मांग कर रहा है.
ईरान-इजरायल युद्ध का असर मध्य प्रदेश में, कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई पर रोक
मध्य पूर्व में चल रहे ईरान-इजरायल युद्ध का असर अब मध्य प्रदेश में भी दिखाई देने लगा है. गैस कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी पर फिलहाल रोक लगा दी है. इसका सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, मैरिज गार्डन और छोटे-बड़े उद्योगों पर पड़ सकता है. राजधानी भोपाल में रोजाना करीब 10 हजार कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई होती है. युद्ध के बाद सिलेंडर की कीमत भी 1773 रुपये से बढ़कर 1888 रुपये हो गई थी. हालांकि इस मामले में राज्य सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है, बल्कि गैस कंपनियों ने यह निर्णय अपने स्तर पर लिया है.
शादी में जा रही सवारियों से भरी तूफान गाड़ी नहर में पलटी, 16 घायल; 6 की हालत गंभीर
नर्मदापुरम जिले के सिवनी मालवा क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हो गया. शिवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बावड़ियाभाउ के पास सवारियों से भरी एक तूफान गाड़ी नहर में पलट गई. हादसे में करीब 16 लोग घायल हो गए, जिनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है. बताया जा रहा है कि लोग खंडवा जिले के दग्गडखेड़ी गांव से नर्मदापुरम में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया. डायल 112 और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.
धर्म परिवर्तन और रेप केस में नया खुलासा, आरोपी बहनों का ईरानी डेरा कनेक्शन सामने आया
भोपाल में सामने आए कथित धर्म परिवर्तन और रेप केस में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. जांच में पता चला है कि आरोपी बहनों का संबंध ईरानी डेरे से है. बताया जा रहा है कि यह परिवार करीब 20 साल पहले लखनऊ से भोपाल आया था. पिता की मौत के बाद आरोपी अमरीन सेक्स रैकेट की सरगना बन गई. पुलिस के मुताबिक अमरीन नर्मदापुरम रोड स्थित एक स्पा में काम करती थी और अपनी बहनों के साथ मिलकर 5 से 7 लड़कियों को देह व्यापार में धकेल चुकी है. फिलहाल अमरीन, आफरीन और चंदन यादव जेल में हैं, जबकि यासिर, चानू और बिलाल फरार हैं.
मृत भ्रूण लेकर हाईकोर्ट पहुंचा युवक, जज की डाइस पर रखकर बोला- न्याय दो या इच्छा मृत्यु की इजाजत
जबलपुर हाईकोर्ट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब रीवा निवासी दयाशंकर पांडे मृत बच्चे का भ्रूण लेकर कोर्ट पहुंच गया और जज की डाइस पर रख दिया. उसने दावा किया कि उसकी और उसके परिवार की जान को खतरा है और न्याय नहीं मिला तो उसे इच्छा मृत्यु की अनुमति दी जाए. दयाशंकर का आरोप है कि वह जबलपुर की शुभ मोटर्स में अकाउंटेंट था, जहां उसे करीब 200 करोड़ के घोटाले की जानकारी मिली. इसके बाद उस पर जानलेवा हमले हुए, जिनमें पत्नी का गर्भपात हो गया. फिलहाल पुलिस ने उसे और उसकी पत्नी को समझाइश देकर थाने ले जाकर पूछताछ की.
मुख्यमंत्री मोहन यादव आज ओंकारेश्वर दौरे पर, नर्मदा परिक्रमा यात्रा में होंगे शामिल
खंडवा. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 10 मार्च को ओंकारेश्वर दौरे पर रहेंगे. तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री भोपाल से हेलीकॉप्टर द्वारा दोपहर 12:35 बजे रवाना होकर करीब 1:25 बजे ओंकारेश्वर पहुंचेंगे. यहां वे दादा गुरु की नर्मदा परिक्रमा यात्रा में शामिल होकर श्रद्धालुओं से मुलाकात करेंगे. कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्री प्रहलाद पटेल भी मौजूद रहेंगे. कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:55 बजे ओंकारेश्वर से हेलीकॉप्टर द्वारा इंदौर के लिए रवाना होंगे. मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और स्थानीय स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
कटनी में भीषण सड़क हादसा, कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर में 4 लोगों की मौत
कटनी. मध्य प्रदेश के कटनी जिले में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बड़वारा थाना क्षेत्र में रेलवे पुलिया के पास कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि चारों एक ही बाइक पर सवार थे. मृतकों की पहचान रामकिशोर सिंह, रामदास सिंह, जितेंद्र सिंह और इंद्रभान सिंह के रूप में हुई है. वहीं कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बड़वारा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है.
जन्मदिन की हर्ष फायरिंग में पड़ोसी युवक घायल, आरोपी सिक्योरिटी गार्ड हिरासत में
रतलाम जिले के आलोट कस्बे के प्रमिलागंज क्षेत्र में जन्मदिन की खुशी में की गई हर्ष फायरिंग एक युवक पर भारी पड़ गई. फायरिंग के दौरान चली गोली पड़ोसी 18 वर्षीय युवक के पैर में लग गई, जिससे वह घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि आरोपी श्याम नायक महाकाल मंदिर में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत है और वह अपना जन्मदिन मनाने के लिए घर आया हुआ था. सूचना मिलने पर आलोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
इंदौर में भाजपा का प्रशिक्षण वर्ग आज, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे शामिल
इंदौर में आज भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे. इससे पहले ऐसे प्रशिक्षण वर्ग भोपाल और जबलपुर में आयोजित किए जा चुके हैं. इस कार्यशाला में करीब 22 जिलों के कार्यकर्ता भाग लेंगे. कार्यक्रम में विषय वक्ता, प्रदेश पदाधिकारी, प्रशिक्षण अभियान की प्रदेश टोली और जिला स्तर के विषय वक्ता मौजूद रहेंगे. प्रशिक्षण सत्रों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग, नमो ऐप और संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ताओं को जानकारी और प्रशिक्षण दिया जाएगा.
खंडवा और इंदौर दौरे पर रहेंगे सीएम मोहन यादव, मंत्रालय में आज होगी अहम कैबिनेट बैठक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज खंडवा और इंदौर दौरा प्रस्तावित है. सुबह करीब 10:45 बजे वे मंत्रालय पहुंचेंगे, जहां उनकी अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक आयोजित होगी. बैठक के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12:35 बजे भोपाल से खंडवा के लिए रवाना होंगे और वहां आयोजित एक स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद दोपहर 2:45 बजे इंदौर पहुंचकर भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग कार्यशाला में भाग लेंगे. इंदौर में वे अन्य स्थानीय कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे. सभी कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री रात करीब 8:30 बजे भोपाल लौटेंगे.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.