भिंड में 10वीं की छात्रा की अचानक मौत, पढ़ाई करते समय साइलेंट अटैक
बिलासपुर में बंद दुकान में चल रहा था कबाड़ का खेल, ड्रोन से खुलासा
बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र में बंद दुकान के अंदर कबाड़ का अवैध कारोबार चलने का मामला सामने आया है. एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर ड्रोन कैमरे से की गई निगरानी में दुकान के अंदर संदिग्ध गतिविधियां कैद हुईं. इसके बाद सरकंडा पुलिस ने साइंस कॉलेज रोड के पास विक्की रजक की कबाड़ दुकान पर छापा मारा. कार्रवाई के दौरान करीब 3.30 टन कबाड़ जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग ढाई लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस को आशंका है कि यहां चोरी का सामान खरीदा और खपाया जा रहा था. फिलहाल सरकंडा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
बड़वानी में दो पुलिसकर्मियों पर लोकायुक्त का मामला दर्ज
बड़वानी में लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वत मांगने के आरोप में दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. अंजड़ थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक महावीर सिंह चंदेल और आरक्षक पवन प्रजापति पर आरोप है कि उन्होंने आत्महत्या से जुड़े एक मामले में जयराज चौधरी से पूछताछ के दौरान केस उसके पक्ष में करने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की. आरोपियों ने पैसा नहीं देने पर केस में फंसाने की धमकी भी दी थी. आवेदक 15 हजार रुपये की एक किश्त दे चुका था. शिकायत की जांच सही पाए जाने पर इंदौर लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 2018 की धारा 7 सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है.
भोपाल में वुमेंस डे पर महिला पर जानलेवा हमला, पति पर केस
भोपाल की हाई सिक्योरिटी सनसिटी इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में वुमेंस डे के दिन एक महिला पर उसके पति और बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया. स्कॉर्पियो कार से आए बदमाशों की नंबर प्लेट पर “BJP युवा मोर्चा” लिखा था. आरोपी कॉलोनी में चाकू और डंडे लहराते हुए घर में घुसे और परिवार पर हमला कर दबाव बनाने की कोशिश की. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. पड़ोसियों के हस्तक्षेप से बड़ी घटना टल गई. पीड़ित महिला ने बताया कि 8 साल पहले भी उसने पति कमल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी. फिलहाल महिला मायके में रह रही है और कोहेफिजा थाने में मामला दर्ज कराया है.
नरसिंहपुर में डबल मर्डर से सनसनी, बुजुर्ग दंपति की हत्या
नरसिंहपुर जिले के साईंखेड़ा थाना क्षेत्र के बम्होरी गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपति की हत्या कर दी. सुबह जब घटना की जानकारी लगी तो गांव में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है.
बिलासपुर में 27824 वाहनों का चालान, 1 करोड़ 14 लाख का जुर्माना
बिलासपुर शहर में नो पार्किंग और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू की है. आईटीएमएस कैमरों की मदद से 27824 वाहन चालकों के चालान किए गए हैं, जिन पर करीब 1 करोड़ 14 लाख रुपए का समन शुल्क लगाया गया है. नो पार्किंग और खतरनाक तरीके से वाहन खड़े करने वाले चालकों पर विशेष कार्रवाई की जा रही है. कई मामलों को जुर्माने के लिए न्यायालय भी भेजा गया है. नेशनल हाईवे और शहर के प्रमुख मार्गों पर भी अभियान जारी है, जबकि ट्रैफिक बाधित करने वाले वाहनों को लिफ्टर से उठाया जा रहा है.
राजगढ़ में बाबा बदख्शानी दरगाह उर्स को लेकर विवाद, सर्व हिन्दू समाज ने सौंपा ज्ञापन
राजगढ़ में बाबा बदख्शानी दरगाह के उर्स मेले को लेकर मामला गरमा गया है. सर्व हिन्दू समाज के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर मेले में लाउडस्पीकर की तेज आवाज और समय सीमा तय करने की मांग की है. उन्होंने मार्च माह में चल रही परीक्षाओं का हवाला देते हुए कहा कि डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों की तेज आवाज से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. समाज के लोगों का आरोप है कि मेले में रात भर लाउडस्पीकर चलते हैं. उर्स की अवधि 3 दिन से बढ़ाकर 15 दिन किए जाने पर भी आपत्ति जताई गई है. नियम उल्लंघन पर कार्रवाई की मांग की गई है.
जूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल टाली
जूनियर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला से मुलाकात के बाद हड़ताल को स्थगित कर दिया है. मंत्री ने उनकी मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया. अब आंदोलन 16 मार्च तक स्थगित रहेगा.
नहर में डूबे दो नाबालिगों की तलाश जारी
सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के ग्राम चोरमारी में रविवार दोपहर दो नाबालिग लड़के, आर्यन मिश्रा (15) और आयुष विश्वकर्मा (13), नहर में नहाने के दौरान डूब गए. स्थानीय लोगों ने खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. पुलिस ने एसडीआरएफ टीम को बुलाकर नहर में करीब पांच किलोमीटर तक तलाश की और जल प्रवाह भी बंद कराया गया है. पुलिस और रेस्क्यू टीम की खोज लगातार जारी है.
रायपुर में टी-20 सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर में टी-20 मैच पर सट्टा खिलाने के आरोप में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है. तेलीबांधा इलाके से 4 और डीडीनगर से 2 आरोपियों को पकड़ा गया. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 12 मोबाइल, 1 कार और करीब 92 हजार रुपये नकद समेत लाखों रुपये का सामान जब्त किया. यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर की गई.
हिंदू-मुस्लिम विवाद से जुड़ा फर्जी वीडियो मामला
जबलपुर के सिहोरा में हिंदू-मुस्लिम विवाद से जुड़ा फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के आरोप में पुलिस ने युवकअजय राजपूत को गिरफ्तार किया है. आरोपी कटनी जिले के बहोरीबंद का निवासी है. उसने इंस्टाग्राम पर झूठा वीडियो डालकर सांप्रदायिक हिंसा भड़काने की कोशिश की थी. बता दें कि 19 फरवरी को सिहोरा में मंदिर में साउंड बजाने को लेकर दोनों समुदायों के बीच विवाद हुआ था.
धार में अवैध अतिक्रमण पर बुल्डोजर कार्रवाई
धार के ग्राम सिरसोदिया में पुलिस और प्रशासन की बड़ी टीम की मौजूदगी में अवैध रूप से जमीन पर बने मकान को बुल्डोजर से हटाया गया. दो दिन पहले अतिक्रमण हटाने के दौरान पुलिस टीम पर पथराव की घटना हुई थी.
भोपाल में आशा-उषा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, राज्य कर्मचारी दर्जा और मानदेय की मांग
भोपाल के शाहजहानी पार्क में प्रदेशभर से आई आशा और उषा कार्यकर्ता हड़ताल पर बैठ गई हैं. आशा उषा महिला संगठन के बैनर तले सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगें सरकार के सामने रखीं. उनका कहना है कि उन्हें राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए और सालभर से रुका हुआ पूरा भुगतान जल्द किया जाए. इसके साथ ही फिक्स मानदेय तय करने की भी मांग की जा रही है. कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं में अहम भूमिका निभा रही हैं, लेकिन उन्हें उचित सुविधाएं और सम्मान नहीं मिल रहा है. इसलिए मजबूर होकर उन्हें आंदोलन करना पड़ रहा है.
टी20 वर्ल्ड कप जीत के जश्न में शाजापुर में तनाव, मस्जिद के पास फेंका सुतली बम
शाजापुर में बीती देर रात भारत की टी20 वर्ल्ड कप जीत के जश्न के दौरान किला रोड स्थित पीपलपत्ता मस्जिद के पास सुतली बम फेंकने से कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई. बताया जा रहा है कि जश्न की रैली में शामिल बाइक सवार युवकों में से किसी ने पटाखा फेंक दिया, जिससे मस्जिद की दीवार पर नाली का कीचड़ फैल गया. घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. सूचना पर पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. मस्जिद कमेटी ने कोतवाली टीआई संतोष वाघेला को शिकायत देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर, हमीदिया कैंपस में समानांतर ओपीडी शुरू
मध्य प्रदेश में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल जारी है. राजधानी भोपाल के हमीदिया अस्पताल कैंपस में डॉक्टरों ने विरोध के बीच पैरेलल ओपीडी शुरू कर दी है, जहां मरीजों को सीमित सेवाएं दी जा रही हैं. हड़ताली डॉक्टर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. इस बीच जबलपुर में डॉक्टरों का प्रतिनिधि मंडल आज स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला से मुलाकात करेगा. मुलाकात से पहले स्वास्थ्य मंत्री ने हड़ताली डॉक्टरों से फोन पर बातचीत भी की है. बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच चर्चा के जरिए समाधान निकालने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे हड़ताल खत्म होने की संभावना बन सकती है.
छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र का छठा दिन आज, प्रश्नकाल से शुरू होगी सदन की कार्यवाही
छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज छठा दिन है. सोमवार 9 मार्च को सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू होगी. कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से की जाएगी, जिसमें विधायक विभिन्न विभागों से जुड़े सवाल उठाएंगे. इसके बाद कई विभागों की वार्षिक रिपोर्ट सदन के पटल पर रखी जाएंगी. साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अलग-अलग विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा भी की जाएगी. बजट सत्र के दौरान सरकार और विपक्ष के बीच कई अहम मुद्दों पर बहस होने की संभावना है, जिससे सदन की कार्यवाही काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
मध्य प्रदेश में आज डॉक्टरों की हड़ताल, 8 हजार रेजिडेंट डॉक्टर काम से दूर
मध्य प्रदेश में आज स्वास्थ्य व्यवस्थाएं प्रभावित हो सकती हैं. प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में करीब 8 हजार रेजिडेंट डॉक्टर, सीनियर रेजिडेंट और इंटर्न हड़ताल पर चले गए हैं. हड़ताल के कारण ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी और सामान्य ऑपरेशन भी नहीं किए जाएंगे. डॉक्टरों ने साफ कहा है कि वे केवल अति गंभीर मरीजों का ही इलाज करेंगे. दरअसल रेजिडेंट डॉक्टरों का कहना है कि उनका स्टाइपेंड संशोधन आदेश 1 अप्रैल 2025 से लागू होना था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया. कई बार शासन से मांग करने के बावजूद समाधान नहीं निकला, जिससे नाराज होकर डॉक्टरों ने विरोध शुरू कर दिया है.
सीएम मोहन यादव आज जबलपुर दौरे पर, रानीताल में कार्यक्रम में होंगे शामिल
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज जबलपुर दौरे पर रहेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11:45 बजे भोपाल से विमान द्वारा रवाना होकर डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद वे दोपहर 12:10 बजे रानीताल पहुंचकर वहां आयोजित स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विभिन्न गतिविधियों में भाग लेंगे और स्थानीय लोगों से भी मुलाकात करेंगे. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2:20 बजे वापस डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद वे दोपहर 2:30 बजे विमान से भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे. उनके दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं.
जबलपुर में BJP का पंडित दीनदयाल महाप्रशिक्षण अभियान, सीएम मोहन यादव होंगे शामिल
जबलपुर में बीजेपी का पंडित दीनदयाल महाप्रशिक्षण अभियान आयोजित किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे. इससे पहले इसी अभियान की कार्यशाला भोपाल में आयोजित हो चुकी है. जबलपुर में होने वाली इस कार्यशाला में जबलपुर, छिंदवाड़ा, रीवा और शहडोल संभाग के 19 जिलों के विषय वक्ता और प्रशिक्षक हिस्सा लेंगे. कार्यक्रम में प्रदेश पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, सोशल मीडिया और आईटी विभाग के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे. सभी जिलों से दो-दो प्रशिक्षकों को बुलाया गया है. 24 घंटे के प्रशिक्षण सत्र में एआई, सोशल मीडिया, नमो ऐप और संगठन ऐप के उपयोग पर खास फोकस रहेगा.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.