इस्राइल और अमेरिका के हमले के बाद ईरान के पलटवार ने खाड़ी देश में रहने वाले भारतीयों की बेचैनी बढ़ा दी है। मऊआइमा के भी दर्जनों लोग खाड़ी देशों में रहते हैं। ईरान के हमले के बाद वहां रह रहे लोगों के परिजन उनकी सलामती की दुआ मांग रहे हैं। खाड़ी में बढ़ते तनाव ने ईरान और इस्राइल टकराव को सिर्फ सीमाओं तक सीमित नहीं रखा, बल्कि मऊआइमा के उन परिवारों के दिलों तक पहुंचा दिया है। जिनके बेटे और भाई और शौहर परदेस में हैं। एयर कनेक्टिविटी ठप होने से घर वापसी की राह अनिश्चित हो गई है।
बहरीन में परिवार संग रहता हूं। हमारे घर के ऊपर से मिसाइल गुजरी है। अमेरिकी बेस घर से 12 किमी की दूरी पर है। शनिवार रात व रविवार दोपहर तक कई बार सायरन की गूंज से पूरा परिवार डरा सहमा है। रमजान में हम सब लोग अल्लाह से जंग खत्म होने और सबके सलामती की दुआ कर रहे हैं। – अब्दुल अजीज फारूकी, मऊआइमा।
मैं और मेरे परिवार के पांच लोग सऊदी अरब के राजधानी रियाद के अल-बतहा इलाके में रहकर इलेक्ट्रॉनिक शॉप पर काम करते हैं। हमारी शॉप से चंद दूरी पर ही अमेरिकी एयरवेज है। जहां शनिवार को कई ईरानी मिसाइलों को हवा में ही इंटरसेप्ट किया गया। उसके मलबे जगह-जगह गिरने से कई लोग चोटिल हुए। हम लोग डरे सहमे हैं। सभी लोगों ने छुट्टी की अर्जी दी। कफील जैसे ही छुट्टी मंजूर करता है हम अपने वतन रवाना हो जाएंगे। सभी के घर वाले भी बहुत घबराए हुए हैं। – मोबीन अहमद, बहराना।
मैं यूएई के दुबई में रहता हूं। बुर्ज खलीफा के नजदीक ही मेरी ऑफिस है। जहां मैं काम करता हूं। शनिवार की रात मैं अपने घर मम्मी से फोन पर बात कर रहा था कि अचानक सायरन की आवाज सुनी। मैंने पहली बार इस तरह की आवाज सुनी थी। बाहर निकला तो पता चला कि थोड़ी दूर पर आग की लपटें निकल रही है। लोगों ने बताया कि दुबई स्थित अमेरिका के सैन्य अड्डे पर हमला किया गया है। मैं घर आना चाहता हूं लेकिन दुबई एयरपोर्ट पूरी तरह बंद है। – एहतेशाम अब्बासी, मऊआइमा।
कतर दो साल पहले आया था। यहां कंपनी में काम करता हूं। पिछले कई दिनों से हम मोबाइल पर ईरान-इस्राइल के बीच तनातनी की खबरें देख रहे थे। शनिवार को जब कतर स्थित अमेरिकी एयरवेज पर मिसाइल से हमला हुआ तो अफरातफरी मच गई। लोग घरों में कैद हो गए। सरकार का भी सख्त आदेश है कि बेवजह घरों से बाहर न निकलें और सायरन बजने पर घरों से बाहर न निकलें। घर वाले फोन कर आने की बात कह रहे हैं। – मो. सईद, अलावलपुर।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.