हल्द्वानी। सिंथिया इंटरनेशनल स्कूल हरकपुर क्वीरा लामाचौड़ मैदान में पांच दिवसीय सेवन ए साइड अंतर विद्यालयी बालिका-बालक फुटबाल प्रतियोगिता 15 दिसंबर से शुरू होगी। सिंथिया स्कूल हल्द्वानी और सिंथिया इंटरनेशनल स्कूल हरकपुर क्वीरा लामाचौड़ के संयुक्त संयोजन में हो रही प्रतियोगिता 19 दिसंबर तक चलेगी। इसमें 55 स्कूलों की टीमें प्रतिभाग करेंगी। विशेष प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से प्रतियोगिता के तीसरे संस्करण में बालिकाओं को भी शामिल किया गया है। बालकों के 41 और बालिकाओं के 12 मैच होंगे।
शनिवार को हल्द्वानी स्थित सिंथिया स्कूल में सिंथिया इंटरनेशनल स्कूल हरकपुर क्वीरा लामाचौड़ की फुटबाल ज्यूरी, ऑफिशियल ज्यूरी के साथ विजेता, उपविजेता ट्राॅफी का अनावरण किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. प्रवींद्र कुमार रौतेला ने बताया बालिका वर्ग में 13 और बालक वर्ग 42 टीमें भाग ले रही हैं। स्कूल के पुराने छात्र और वेटरंस के लिए मैत्री मैच होगा। प्रतिभागियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया गया है। स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर कात्यायन रौतेला ने बताया कि प्रतियोगिता नाकआउट आधार पर खेली जाएगी। प्रदर्शन के आधार पर सर्वश्रेष्ठ गोल कीपर, बेस्ट स्ट्राइकर और राइजिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा दोनों वर्गों के विजेता, उप विजेता टीम को ट्रॉफी भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। मैचों का लाइव प्रसारण सिंथिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल हल्द्वानी के ऑफिशियल पेज पर भी होगा। उन्होंने बताया कि सटीक निर्णय के लिए संतोष ट्रॉफी फुटबाल मैचों में प्रतिभाग कर चुके आनंद देव, गोपी डिसूजा, सागर रावत, मयंक पंत, एसएस कपकोटी, लीला रावत, शिवानी आदि को शामिल किया है। यहां सुरेश चंद्र मिश्रा, महेश जोशी, खेल प्रशिक्षक एसएस कपकोटी, मयंक पंत, पुष्कर सिंह, सुनीता तिवारी, मुकुल किरोला, आईडी जोशी, प्रकाश शर्मा मौजूद रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.