Umrikheda Eco Adventure Park: अब इंदौर से थोड़ी पर उमरीखेड़ा इको पार्क शुरू हो चुका है. यह पूरी तरह सुरक्षित है. यहां आपको जंगल वाली फीलिंग आएगी. यहां आप पूरी फैमिली के साथ आ सकते हैं. जानें सुविधा, टिकट बुकिंग तरीका और रेट…
सोचिए एक ऐसी रात, जिसमें आप खुले आसमान के नीचे तारों, घने जंगलों के बीच आग जला कर बैठे हैं. दोस्तों के साथ रात बिता रहे हैं. शहर की चकाचौंध के बीच इस तरह की जिंदगी मुश्किल है. लेकिन, इंदौर से 10 किमी दूर उमरी खेड़ा इको एडवेंचर पार्क में अब आपको वह सब मिल पाएगा, जिसकी एक घने जंगल में आप कल्पना कर सकते हैं. शहर से थोड़ी ही दूर परिवार और दोस्तों के साथ वीकेंड पर नेचर का मजा लेने के लिए यह नई जगह एकदम उपयुक्त है.

इंदौर खंडवा रोड पर 190 हेक्टेयर में फैला यह उमरीखेड़ा पार्क अब पर्यटकों और पर्यावरण प्रेमियों के लिए शुरू हो चुका है. इसे खासतौर पर इस तरह तैयार किया गया कि पर्यावरण और जंगल के लिए शैक्षिक केंद्र के तौर पर भी इसका उपयोग किया जा सकेगा. इंदौर से निकलते ही भेरू घाट के आसपास काफी घना जंगल का है, जो इसे और उपयुक्त बनाता है.

वन विभाग द्वारा संचालित इस मनोरंजन पार्क में तीन तरह की सुविधा है, जिसमें मड हाउस, स्विस टेंट और सामान्य टेंट शामिल हैं. इसका किराया भी बहुत ज्यादा नहीं है. यहां कई विकल्प दिए गए हैं. अगर आप रात नहीं रुकना चाहते और केवल भ्रमण करना चाहते हैं तो उसके लिए भी आप बुकिंग कर सकते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

यहा तीन अलग-अलग थीम पर ट्रैकिंग ट्रेल्स बनाए गए हैं. पहला ट्रेल जंगल के इकोसिस्टम की झलक दिखाता है, दूसरा घना जंगल और वन्यजीवों को समझने के लिए है और तीसरा फ्लोरा-फ़ौना यानी वनस्पति और जीव जन्तुओं पर केंद्रित है. इसमें 700 मीटर से लेकर 3 किलोमीटर तक के रास्ते हैं. इन ट्रेल्स पर चलते हुए आपको पहाड़ियों, झरनों और शांत जंगलों का अद्भुत नज़ारा देखने को मिलेगा. मजेदार बात ये कि आप साइकिल से घूमते हुए भी नजारों का लुत्फ उठा सकते हैं.

उमरी खेड़ा मनोरंजन पार्क को कुछ दिन पहले शुरू किया गया है. घूमने के लिए आप यहां सीधे जाकर भी टिकट ले सकते हैं, लेकिन अगर आपको रात रुकते हैं तो 2 दिन पहले ही बुकिंग करानी होगी, ऑनलाइन भी आप इसकी बुकिंग कर सकते हैं. सामान्य प्रवेश शुल्क, भोजन व अन्य एडवेंचर एक्टिविटी के लिए 350 रुपये फीस रखी गई है, जबकि नॉन एसी मड हाउस और स्विच स्टैंड की कीमत 1500 रुपये है. आप यहां नाश्ता एवं खाना भी खाना चाहते हैं तो उसके लिए आपको 3000 रुपए देने होंगे. सामान्य टेंट की कीमत 750 रुपए रखी गई है.

देसी स्वाद के शौकीनों के लिए यहां पर एक और सरप्राइज है. उमरी खेड़ा इको एडवेंचर पार्क में चूल्हा-चौका किचन है, जिसे चलाने की ज़िम्मेदारी स्थानीय वन समिति की महिलाओं को दी गई है. यहां पर्यटकों को पारंपरिक मालवा व्यंजन जैसे दाल-पानिये, दाल-बाटीके साथ-साथ इडली, डोसा और पंजाबी जैसे अन्य व्यंजनों का शुद्ध देसी स्वाद मिल सकेगा.

इसे केवल एडवेंचर और मनोरंजन पार्क की तरह ही नहीं, आसपास के क्षेत्र के लिए नेशनल पार्क की तरह विकसित किया जाना है. इसमें बटरफ्लाई पार्क, एडवेंचर ज़ोन, और इंटरप्रिटेशन सेंटर जैसी चीज़ें शामिल हैं. इसके अलावा, सैलानियों के लिए 15 कॉटेज और 15 स्विस टेंट भी तैयार किए जा रहे हैं. यहां जाने के लिए आप इंदौर के भंवरकुआं से होते हुए आसानी से अपनी गाड़ी या टैक्सी से सीधे उमरी खेड़ा पहुंच सकते हैं. बुकिंग के लिए, आपको मध्य प्रदेश वन विभाग की ईको-टूरिज्म वेबसाइट MP Forest Department Online Booking जाना होगा.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.