स्वच्छता रैंकिंग के लिए नगर निगम ने फिर कवायद शुरू कर दी है। पहले इंदौर की उन बेकलेन की सफाई पर फोकस किया जा रहा है, जो सबसे ज्यादा गंदी रहती है। सौदर्यीकरण के बाद वह फिर गंदी न हो पाए, इसके लिए रहवासियों को भी रंग दे बेकलेन मुहिम से जोड़ा जा रहा है। इसी सिलसिले में शनिवार को मेयर पुष्य मित्र भार्गव धनवंतरी नगर पहुंचे। यहां की बेकलेन गंदी थी। जिसकी पहले सफाई की गई। फिर दीवारों पर कलर पेंट किया गया और पौधों से उसे सजाया गया। वह अब इतनी साफ हो गई कि सुबह मेयर ने पहले रहवासियों के साथ योग किया और फिर बच्चों के साथ क्रिकेट भी खेला।
उन्होंने कहा कि जिस बेकलेन में पहले कचरा और गंदगी के कारण शिकायतें प्राप्त होती थीं। अब उसी स्थान पर योग और सामाजिक गतिविधियाँ आयोजित हो रही हैं। यह इंदौर के जागरूक नागरिकों एवं रहवासियों की सक्रिय भागीदारी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इंदौर देश का सबसे स्वच्छ शहर है और यहां स्वच्छता को बनाए रखने के लिए लगातार नवाचार किए जा रहे हैं। नगर निगम द्वारा हर वर्ष लगभग पचास नई बेकलेन का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है, ताकि शहर का हर कोना साफ दिख सके।
उन्होंने कहा कि इन बेकलेन का उपयोग रहवासी घूमने-फिरने, खेलने, योग अभ्यास और सामुदायिक गतिविधियों के लिए कर रहे है। इसे साफ रखना काॅलोनी के रहवासियों की जिम्मेदारी है। कोई पीछे कचरा न फेंके। इसकी निगरानी खुद रहवासियों को रखना होगी।
20 से ज्यादा बेकलेन साफ
इंदौर के अलग-अलग इलाकों में 20 से ज्यादा बेकलेन साफ की गई है। शनिवार को उन सभी बेकलेन में आयोजन हुए।आदर्श बैकलेन में योग अभ्यास, क्रिकेट मैच, वॉल पेंटिंग सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया और स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। आने वाले दिनों में शहर की 50 से ज्यादा बेकलेन को सुंदर बनाया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.