उज्जैन के देवास रोड स्थित पार्श्वनाथ सिटी निवासी गुरकीरत सिंह मनोचा की कनाडा में आपसी विवाद के दौरान हत्या कर दी गई। वे सवा साल पहले पढ़ाई के लिए कनाडा गए थे और वहां बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे थे। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है। उज्जैन निवासी गुरकीरत सिंह मनोचा पुत्र गुरजीत सिंह मनोचा की 14 मार्च को कनाडा के फोर्ट सेंट जॉन में मौत हो गई। गुरकीरत उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गए थे, जहां वे नार्थन लाइट्स कॉलेज में बिजनेस मैनेजमेंट में पोस्ट डिग्री डिप्लोमा प्रोग्राम की पढ़ाई कर रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 मार्च को वहां कुछ युवकों के बीच हुए आपसी विवाद के दौरान गुरकीरत पर हमला किया गया। हमले में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। इस घटना की जानकारी कनाडा में रह रहे उनके एक मित्र ने देर रात फोन के माध्यम से उनके भाई प्रबकीरत सिंह मनोचा (निवासी रायपुर) को दी।
गुरकीरत के माता-पिता गुरजीत सिंह मनोचा देवास रोड स्थित पार्श्वनाथ सिटी में रहते हैं। घटना की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और परिजन गहरे सदमे में हैं।
परिवार द्वारा इस दुखद घटना की जानकारी मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री को भी दी गई है, जिन्होंने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
फिलहाल घटना की जांच कनाडा पुलिस द्वारा की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। यह जानकारी गुरकीरत के पिता गुरजीत सिंह मनोचा ने दी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.