राजधानी के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान फर्जी आधार कार्ड के जरिए हवाई यात्रा करने की कोशिश करने वाले एक युवक को सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया। आरोपी दूसरे व्यक्ति के नाम पर जारी टिकट से रायपुर से इंदौर जाने की कोशिश कर रहा था। जांच में पता चला कि उसने दूसरे के आधार कार्ड में अपनी फोटो लगाकर कूटरचित दस्तावेज तैयार किया था। आरोपी का नाम कुलदीप सिंघल पुलिस द्वारा बताया जा रहा है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को रायपुर एयरपोर्ट पर नियमित सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री रायपुर से इंदौर जाने वाली फ्लाइट में यात्रा करने के लिए पहुंचा था। यात्री ने स्नेहल राजू भाई पटेल के नाम से जारी एयर टिकट प्रस्तुत किया और पहचान के रूप में आधार कार्ड दिखाया। दस्तावेजों की जांच के दौरान सुरक्षा कर्मियों को आधार कार्ड की सत्यता पर संदेह हुआ। इसके बाद जब कार्ड की गहन जांच की गई तो पता चला कि वह फर्जी है। जांच में सामने आया कि आरोपी कुलदीप सिंघल ने स्नेहल राजू भाई पटेल के आधार कार्ड में अपनी फोटो लगाकर नकली आधार कार्ड तैयार किया था। उसी फर्जी पहचान पत्र का इस्तेमाल करते हुए वह स्नेहल राजू भाई पटेल के नाम से जारी टिकट पर रायपुर से इंदौर की यात्रा करने का प्रयास कर रहा था। इंदौर का निवासी है आरोपी पूछताछ में आरोपी की पहचान कुलदीप सिंघल के रूप में हुई। वह मूल रूप से 109 श्रद्धा श्री कॉलोनी, बरपानी धाम, थाना विजय नगर, जिला इंदौर (मध्यप्रदेश) का रहने वाला है। उसका वर्तमान पता कृष्णा एवेन्यू फेस-1, लिम्बोदी, खंडवा रोड, थाना तेजाजी नगर, जिला इंदौर बताया गया है। एयरपोर्ट सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि फर्जी आधार कार्ड बनाने में आरोपी की किसी अन्य व्यक्ति या गिरोह से मिलीभगत तो नहीं है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.