बिहार के अररिया जिले से सटे पड़ोसी देश नेपाल में होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनाव को लेकर भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा को मतदान से 72 घंटे पूर्व मध्यरात्रि से सील कर दिया गया है। दोनों देशों के उच्चाधिकारियों की बैठक में लिए गए निर्णय के तहत यह कदम उठाया गया है, ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।
सीमा सील होने के बाद नेपाल से भारत और भारत से नेपाल आने-जाने पर पूर्णतः रोक लगा दी गई है। अररिया जिले के सीमावर्ती क्षेत्र, विशेषकर जोगबनी सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। भारतीय सीमा में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) पैदल गश्त, मोबाइल पेट्रोलिंग और तकनीकी निगरानी के जरिए मुस्तैद है। वहीं नेपाल की ओर नेपाल पुलिस और नेपाल सेना संयुक्त रूप से तैनात हैं। इंटेलिजेंस और तकनीकी विशेषज्ञों की टीमें भी सक्रिय हैं।
सीमा बंद होने के कारण सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। दैनिक जरूरतों, छोटे व्यापार और सामाजिक संबंधों पर इसका सीधा प्रभाव पड़ा है। जोगबनी सहित आसपास के बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है, जहां सामान्य दिनों में दोनों देशों के नागरिकों की आवाजाही और व्यापारिक गतिविधियां होती रहती हैं।
ये भी पढ़ें- Nitish Kumar : राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति के बाद अब नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद! ऐसी चर्चा से फायदे में कौन?
नेपाल के मोरंग जिला पुलिस की डीएसपी एवं प्रवक्ता कोपिला चुड़ाल ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार चुनाव को लेकर सीमा और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पैदल और मोबाइल गश्त के माध्यम से निगरानी की जा रही है तथा किसी भी अवांछित गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि मतदान संपन्न होने के बाद स्थिति की समीक्षा कर आवागमन बहाल किया जाएगा। फिलहाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं, ताकि चुनावी प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हो सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.