खरगोन जिले की डोंगरचिचली स्थित एक सरकारी स्कूल में शिक्षक के नशे में कक्षा में पढ़ाने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में शिक्षक बच्चों के सामने नशे की हालत में बड़बड़ाते हुए दिख रहे हैं। यह घटना 6 जनवरी की बताई जा रही है।
वीडियो में शिक्षक की चिल्ला-चोट और गालीगलौज से बच्चे असहज नजर आए। डरकर कई छात्र छुट्टी से पहले ही कक्षा छोड़कर चले गए, जबकि शिक्षक उन्हें शाम 4 बजे तक रोकने की धमकी देते रहे। छात्रों के जाने के बाद शिक्षक भी लड़खड़ाते हुए उनके पीछे जाने लगे।
मैं अपने बच्चे को भी नहीं छोड़ता वीडियो में शिक्षक बच्चों से कहते सुने जा रहे हैं, “तुम जानवर हो, मुझे नहीं पहचान पा रहे हो। मैं मेरे बेटे को भी नहीं छोड़ता हूं, जिसे जन्म दिया है। मैं छुट्टी पर हूं, मेरा कोई भी कुछ नहीं बिगाड़ सकता है।”
स्कूल में शिक्षकों के लेटलतीफ और नशे में पहुंचने से शैक्षणिक माहौल खराब होने की सूचना पर ग्रामीणों ने एक पंचनामा बनाया है। इसमें गंभीर लापरवाही सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में पदस्थ शिक्षक केशव शारदे शराब के नशे में स्कूल आकर बच्चों को पढ़ाते हैं।
ग्रामीण सुभाष पटेल और सरपंच प्रतिनिधि प्रकाश मकवाने ने बताया कि शिक्षक शारदे के व्यवहार से पढ़ाई का माहौल बिगड़ गया है। वे अक्सर शराब पीकर स्कूल छोड़ गांव में घूमते रहते हैं और गाली-गलौज करते हैं। इसके अलावा, एक अन्य शिक्षक रामचंद्र पाटीदार 4 जनवरी को शीतकालीन अवकाश समाप्त होने के बाद भी अनुपस्थित थे, जबकि दूसरे शिक्षक ने उनकी छुट्टी का आवेदन लिखा था।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.