मध्य पूर्व में चल रहे ईरान-इजराइल संघर्ष का असर अब देश में गैस सप्लाई व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। ऑयल कंपनियों ने एहतियातन कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की डिलीवरी फिलहाल रोक दी है। इस फैसले से भोपाल के होटल, रेस्त्रां, मैरिज गार्डन और छोटे-बड़े उद्योगों की चिंता बढ़ गई है, खासतौर पर ऐसे समय में जब शहर में शादियों का सीजन शुरू हो चुका है।राजधानी भोपाल में करीब दो हजार से ज्यादा छोटे-बड़े होटल और रेस्त्रां हैं, जहां रोजमर्रा के संचालन में कमर्शियल गैस सिलेंडर का इस्तेमाल किया जाता है। इसके अलावा कई उद्योगों में भी यही सिलेंडर उपयोग में आते हैं। हालांकि अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को इस रोक से फिलहाल छूट दी गई है।
खान-पान व्यवस्था पर पड़ सकता है असर
एलपीजी डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष आरके गुप्ता का कहना है कि कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई रुकने से होटल-रेस्त्रां और उनसे जुड़े कारोबार प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि शहर में बड़ी संख्या में लोग बाहर के खाने पर निर्भर रहते हैं, ऐसे में सप्लाई बाधित होने से परेशानी बढ़ सकती है।उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर कलेक्टर ने एजेंसी संचालकों की बैठक बुलाई है, जिसमें आगे की रणनीति और समाधान पर चर्चा की जाएगी।
रोजाना 10 हजार सिलेंडर की खपत
गैस एजेंसी संचालकों के मुताबिक सोमवार को अचानक कंपनियों की ओर से निर्देश मिला कि अगले आदेश तक कमर्शियल सिलेंडरों की डिलीवरी रोक दी जाए। सामान्य दिनों में भोपाल में रोजाना करीब 10 हजार कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई होती है।
यह भी पढ़ें-मार्च की शुरुआत में ही झुलसाने लगी गर्मी, पारा 39 डिग्री,सामान्य से 4.6 डिग्री ज्यादा तापमान
होटल कारोबारियों ने उठाए सवाल
कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई रुकने से होटल और रेस्त्रां संचालकों में नाराजगी है। उनका कहना है कि हाल ही में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 1773 रुपए से बढ़ाकर 1888 रुपए कर दी गई है और वे बढ़ी हुई कीमत चुकाने के लिए भी तैयार हैं। इसके बावजूद अचानक सप्लाई रोकना समझ से परे है, खासकर तब जब शहर में शादियों का सीजन चल रहा है। मार्च के बाकी दिनों में भोपाल और आसपास के इलाकों में करीब एक हजार से ज्यादा शादियां होने वाली हैं। ऐसे में मैरिज गार्डन और कैटरिंग कारोबार पर इसका असर पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें–मल्होत्रा से पहले तीन भाजपा विधायकों का चुनाव भी हो चुका शून्य, एक को मिली राहत, दो की विधायकी गई
घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता
ऑयल कंपनियों का कहना है कि फिलहाल एलपीजी की कोई कमी नहीं है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर यह कदम उठाया गया है। घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने के लिए कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई अस्थायी रूप से रोकी गई है, ताकि घरों में गैस की उपलब्धता प्रभावित न हो।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.