लोक निर्माण विभाग ने की तैयारी, 27 कारोबारियों को पहले ही नोटिस किए है जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। धर्मपुर से सुबाथू तक सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने कमर कस ली है। विभाग अब पूरे मार्ग पर अतिक्रमण हटाओ मुहिम चलाने जा रहा है। हालांकि, धर्मपुर में प्रशासन और विभाग की सख्ती के बाद कई कारोबारियों ने स्वयं ही अपने अवैध कब्जे हटाने शुरू कर दिए हैं। प्रशासन ने यहां पहले ही 27 कारोबारियों को नोटिस जारी किए थे। विभाग की इस कार्रवाई के डर और सामाजिक जिम्मेदारी को देखते हुए कई दुकानदारों ने नालियों पर किए गए कब्जों को तोड़ना शुरू कर दिया है। साथ ही सड़कों तक फैला सामान और विज्ञापन बोर्ड भी हटा लिए गए हैं। खास बात यह है कि कारोबारियों ने अतिक्रमण पर नजर रखने के लिए अपनी एक कमेटी भी गठित की है, जो प्रशासन का सहयोग करेगी। कमेटी के माध्यम से नोटिस का जवाब बनाकर प्रशासन को सौंप दिया गया है।
अब सुबाथू तक होगी सीधे कार्रवाई
धर्मपुर में मिली सफलता के बाद अब विभाग इस मुहिम को सुबाथू तक ले जाने की तैयारी में है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता साहिल कुमार ने बताया कि संबंधित क्षेत्र के कारोबारियों को पहले ही नोटिस दिए जा चुके हैं। अब बिना किसी देरी के सीधे कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
विभाग की कारोबारियों से अपील
स्वयं हटाएं कब्जे सहायक अभियंता ने कारोबारियों से अपील की है कि सड़क किनारे जिन लोगों ने भी अवैध कब्जे किए हैं, वे उन्हें खुद ही हटा लें। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो जाती है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विभाग का उद्देश्य सड़क को सुरक्षित और सुचारू बनाना है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.