पत्नी की विदाई नहीं होने से नाराज पति जेसीबी लेकर ससुराल पहुंच गया। उसने पत्नी के मायके के घर को ढाहने का प्रयास किया। पति का कहना था मायके में पत्नी के लिए अब घर ही नहीं रहने देंगे कि वह बार-बार मायके जाएगी।
मामला जमुआ थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव का है। महिला ने पति पर कार्रवाई के लिए पुलिस से लिखित शिकायत की है। आरोपी पिंटू मंडल मंगलवार की रात में शराब के नशे में खुद जेसीबी चलाते हुए ससुराल पहुंचा और पहले घर की बाउंड्री ढाहना शुरू किया।
बाउंड्री पूरी तरह से ध्वस्त करने के बाद वह घर तोड़ने की तैयारी में था, लेकिन इसी बीच आसपास के बड़ी संख्या में लोग पहुंचे गए। इससे वह जेसीबी को तेजी से लेकर भागने में सफल रहा।
पिंटू शराब के नशे में खुद जेसीबी चलाते हुए ससुराल पहुंचा और पहले घर की बाउंड्री तोड़ दी।
जब काम का वक्त रहता है तो पत्नी मायके चली जाती है: पिंटू मंडल
आरोपी पिंटू मंडल के मुताबिक उसकी शादी के करीब साढ़े चार साल हो गए। इस बीच घर में जब काम का वक्त रहता है तो पत्नी मायके चली जाती है। सास व ससुर भी उसे मना करने की बजाय इसका समर्थन करते हैं। कई बार विदाई कराने का प्रयास किया, लेकिन न तो वह आने को तैयार हुई और न ही उसके घर वालों ने पहल की।
दोनों बच्चों को भी नहीं आने दिया जाता है। ऐसे में उसने निर्णय लिया कि ससुराल का पूरा घर ही ध्वस्त कर देंगे तो पत्नी मायके नहीं जाएगी और ससुराल में ही रहेगी।
पति रात में शराब के नशे में आता है और उसकी पिटाई करता है: उर्मिला
जबकि पत्नी उर्मिला का कहना है कि पति हर दिन रात में शराब के नशे में आता है और उसकी पिटाई करता है। उसके घर वाले भी तरह-तरह से प्रताड़ित करते हैं। यही कारण है कि वह अपने दोनों बच्चों के साथ सुरक्षित मायके में है। पिटाई व प्रताड़ना से वह तंग आ चुकी है।
कभी कभी स्थिति विकट हो जाती है। ऐसे में कोई गलत कदम नहीं उठ जाए, लिहाजा मायके आ जाती है। उसने पति की इस हरकत पर पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। उसने जमुआ थाना में लिखित शिकायत की है।

हल्ला सुनकर आसपास के ग्रामीण पहुंचे तो आरोपी जेसीबी मशीन लेकर भाग निकला।
घटना के समय घर में नहीं था कोई पुरुष सदस्य
घटना के समय घर में कोई पुरुष नहीं था। सिर्फ उसकी सास, पत्नी और उसके दोनों छोटे बच्चे घर में सो रहे थे। इसी बीच पिंटू मंडल ने यह हरकत की। जेसीबी से दीवार तोड़ने की आवाज सुनाई दी तो घर में मौजूद मां बेटी छत पर चढ़ी और हो-हल्ला मचाने लगी, तब तक चहादीवारी ढह चुकी थी। हल्ला सुनकर आसपास के ग्रामीण पहुंचे तो आरोपी जेसीबी मशीन लेकर भाग निकला।
जांच की जा रही है, आरोपी पर होगी कार्रवाई : थाना प्रभारी
जमुआ थाना प्रभारी विभूतिदेव कुमार ने कहा कि आरोपी की पत्नी उर्मिला देवी ने आवेदन दिया है। इसकी जांच-पड़ताल कर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.