भागलपुर जिले में टेंट हाउस संचालक की पत्नी के सामने लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या की घटना सामने आई है। पत्नी आरोपी से जान बख्शने की मिन्नतें करती रही, लेकिन आरोपी ने पति पर हमला करना जारी रखा। घायल पति को इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक टेंट हाउस संचालक की पहचान जिले के बाथ थाना क्षेत्र के झोझी लखनपुर गांव निवासी परीक्षण प्रसाद सिंह के 31 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार सिंह के रूप में हुई है।
बकाया मांगने पर आरोपी ने किया हमला
मृतक की पत्नी सोनम कुमारी ने गुरुवार की सुबह 10:00 बजे बताया कि उनका पति घर में टेंट हाउस का काम करता था। घर से सौ मीटर की दूरी पर रहने वाले आरोपी चितरंजन कुमार ने कुछ दिन पहले भाड़े पर कुर्सी ली थी, जिसका पैसा 1500 रुपये बकाया था। बुधवार की दोपहर जब चंदन कुमार सिंह पैसे मांगने गया, तो आरोपी ने भुगतान करने से इंकार कर दिया और गालियां देने लगा। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। इसी क्रम में आरोपी चितरंजन ने लाठी-डंडे से चंदन के सिर पर प्रहार किया, जिसके बाद चंदन जमीन पर गिर गए। इसके बाद आरोपी ने उनके शरीर के कई हिस्सों पर डंडे से हमला जारी रखा। पत्नी चीखती और चिल्लाती रही, लेकिन कोई मदद के लिए नहीं आया।
इलाज के दौरान हुई मौत
घटना की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक आरोपी चितरंजन भागने में सफल हो गया। घायल चंदन कुमार सिंह को ग्रामीणों की मदद से भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत के बाद अस्पताल परिसर में तैनात बरारी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ये भी पढ़ें: पटना में रिटायर सेना के जवान की गोली मारकर हत्या, जमीन विवाद से जुड़ा है मामला
पुलिस को शिकायत का इंतजार
इस घटना को लेकर बाथ थाना के एडिशनल थानाध्यक्ष सुमन कुमारी ने बताया कि घटना की अभी लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.