हजारीबाग में बुधवार सुबह बरही थाना क्षेत्र के गांगटाही पुल के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।
इस दुर्घटना में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक महिला, एक पुरुष और एक बच्ची शामिल हैं।
मृतकों की पहचान पूनम देवी (पति श्रीनाथ यादव), जय भगवान यादव (पिता श्रीनाथ यादव) और अंशिका कुमारी के रूप में हुई है। कार में कुल 10 लोग सवार थे, जो सभी पश्चिम बंगाल के कुल्टी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
दुर्घटना में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें ज्योति कुमारी (24 वर्ष, पति जय भगवान यादव), शुभम यादव (6 वर्ष), अभिराज यादव (10 वर्ष), मृत्युंजय यादव (8 वर्ष), धर्मेंद्र यादव (35 वर्ष, पिता श्रीनाथ यादव) और कौशल्या देवी शामिल हैं।
हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर
सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत बरही अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
तेज रफ्तार में थी कार: प्रत्यक्षदर्शी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार का चालक लंबे सफर से थका हुआ था और संभवतः उसे झपकी लग गई थी, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित हो गया। सड़क पर स्किड मार्क और कार की स्थिति से भी वाहन की तेज रफ्तार का अनुमान लगाया जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही बरही के एसडीपीओ अजीत कुमार विमल और थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
स्पीड कंट्रोल के लिए उचित कदम उठाने की मांग
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गांगटाही पुल के पास स्पीड कंट्रोल के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस मृतकों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटी हुई है और मामले की आगे की जांच जारी है।
हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हुई है, जिनकी पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है एवं परिवार वालों को सूचित किया गया है। -अजीत कुमार विमल, बरही एसडीपीओ

Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.