हिमाचल स्कूल प्रवक्ता संघ का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को शिक्षा निदेशक आशीष कोहली से मिला और प्रदेश के स्कूल प्रवक्ताओं से जुड़े लंबे समय से लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा विभाग से संबंधित चार प्रमुख मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। संघ ने सबसे पहले प्रधानाचार्य पदोन्नति सूची को लेकर अपनी बात रखी और कहा कि पदोन्नति प्रक्रिया में अनावश्यक देरी से वरिष्ठ एवं योग्य प्रवक्ता लंबे समय से प्रभावित हो रहे हैं।
संघ ने इसे अतिशीघ्र जारी करने ओर प्रवक्ताओं की नव वर्ष पर पदोन्नति का तोहफा देने की मांग की। इसके साथ ही संघ ने वर्ष 2003 से संशोधित वरिष्ठता सूची अब तक जारी नहीं होने पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की और इसे तत्काल प्रकाशित करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने सीबीएसई विद्यालयों में नए कैडर को लेकर उत्पन्न असमंजस की स्थिति पर भी चर्चा की। साथ ही इस संबंध में स्पष्ट एवं पारदर्शी नीति बनाए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। इसके अतिरिक्त संघ ने प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से रिटेंशन फीस पर तीन गुना जुर्माना वसूलने के निर्णय का कड़ा विरोध किया।
संघ का कहना है कि यह निर्णय तर्कसंगत नहीं है और इससे विद्यालय प्रबंधन पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। संघ पदाधिकारियों ने शिक्षा निदेशक से सभी मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। शिक्षा निदेशक श्री आशीष कोहली ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि प्रस्तुत किए गए सभी बिंदुओं पर विभागीय स्तर पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और यथासंभव शीघ्र उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया । इस प्रतिनिधिमंडल में राज्य अध्यक्ष अजय नेगी, महासचिव इंद्र सिंह ठाकुर, मुख्य मार्गदर्शक राजेश सैनी, संविधान सुधार कमेटी के उपाध्यक्ष एलडी वर्मा तथा जिला शिमला के अध्यक्ष देवेंद्र लकटू विशेष रूप से शामिल रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.