शिमला के सीटीओ चौक पर युवा कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए BJYM
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (BJYM) ने आज शिमला में युवा कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन दिल्ली के भारत मंडपम में शुक्रवार को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा AI समिट 2026 के दौरान टी-शर्ट उतारकर किए गए विरोध के खिलाफ किया गया।
दरअसल, दिल्ली में युवा कांग्रेस ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने टी-शर्ट उतारकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए, जिन पर लिखा था, ‘पीएम इज कॉम्प्रोमाइज्ड।’ इस विरोध के बाद से राजनीतिक गर्मी बढ़ गई है। बीजेपी और BJYM ने आज देशभर में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया।
सीटीओ चौक पर प्रदर्शन
शिमला के सीटीओ चौक पर आयोजित BJYM के प्रदर्शन को संबोधित करते हुए युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री सुशील कड़शोली ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन की आलोचना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां देश की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छवि को खराब करती हैं। उन्होंने कहा, “इस प्रकार का व्यवहार दर्शाता है कि कांग्रेस अब जिम्मेदार विपक्ष नहीं, बल्कि अराजकता फैलाने वाली राजनीति का प्रतीक बन चुकी है।”
पूर्व नियोजित था प्रदर्शन: सुशील
सुशील ने दावा किया कि उक्त प्रदर्शन पूर्व-नियोजित था और इसमें युवा कांग्रेस के कुछ पदाधिकारियों को हिरासत में भी लिया गया। कड़शोली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, जबकि कांग्रेस नकारात्मक राजनीति कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत नवाचार, प्रौद्योगिकी और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जबकि कांग्रेस नकारात्मक राजनीति और व्यवधान पैदा करने में लगी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का यह रवैया उसके वैचारिक दिवालियापन और हताशा का प्रमाण है।
ये नेता उपस्थित रहे
इस अवसर पर बीजेपी नेता संजय सूद, प्रदेश सचिव कुसुम सदरेट, भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा, सह प्रभारी प्यार सिंह कंवर, सुदीप महाजन, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुमित ठाकुर, मंडल अध्यक्ष राजीव पंडित, भरत भूषण, रूपा शारदा, बिट्टू पन्ना, संजीव ठाकुर, सुनील धर, सरोज गोयल, राज कुमार अग्रवाल, धनंजय पूरी और बलवंत वर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.