भारतीय जनता पार्टी के हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सुक्खू सरकार झूठ के सहारे बनी है और साढ़े तीन साल से प्रदेश में “झूठ की दुकान” चला रही है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता को गुमराह कर रही है, लेकिन अब हिमाचल की जनता सब समझ चुकी है। आने वाले 5–6 महीने और किसी तरह निकाल लेंगे, उसके बाद प्रदेश में परिवर्तन तय है। डॉ. बिंदल रविवार को देहरा स्थित मां बगलामुखी मंदिर में माथा टेकने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मां बगलामुखी से हिमाचल प्रदेश में सर्वत्र सुख-शांति की कामना की। वे भाजपा के पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ के सम्मेलन में भाग लेने जा रहे थे, उसी क्रम में मंदिर दर्शन किए। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में सांसद अनुराग ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में डॉ. बिंदल ने कहा कि सुक्खू सरकार ने प्रदेश की जनता के साथ अन्याय और शोषण किया है। इसी को लेकर आज विस्तार से चर्चा की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व कर्मचारियों का एक बड़ा वर्ग पेंशन को लेकर चिंतित है, लेकिन सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। सरकार खुद कुछ नहीं कर रही, भाजपा पर फोड़ रही ठीकरा : बिंदल RGD मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि साढ़े तीन साल से कांग्रेस सरकार प्रदेश की जनता को दुखी कर रही है। “नाच न जाने आंगन टेढ़ा” की कहावत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार खुद कुछ नहीं कर पा रही और हर नाकामी का ठीकरा भाजपा पर फोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने दो टूक कहा कि झूठ के दम पर सरकार बनाई गई और अब उसी झूठ के सहारे सरकार चलाने की कोशिश हो रही है, लेकिन यह प्रयास सफल नहीं होगा। हिमाचल की जनता सब देख रही है और आने वाला समय भाजपा का है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा, भाजपा जिला देहरा के महामंत्री सुशील कालिया और मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य दिनेश रत्न भी उपस्थित रहे। मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना करवाई गई।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.