भास्कर संवाददाता | केसली प्रदेश में शिक्षा के स्तर को सुधारने और स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है। नई शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु देवरी विधानसभा में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। स्वीकृत राशि का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि एक आधुनिक और तकनीकी रूप से सक्षम वातावरण प्रदान करना है। विधानसभा क्षेत्र के तीन प्रमुख स्कूलों के लिए 142.95 लाख रुपये का बजट आवंटित किया है। जिसमें शासकीय हाई स्कूल टड़ा को 77.25 लाख, शासकीय कन्या हाई स्कूल केसली को 89.85 लाख, शासकीय हाई स्कूल केवलारी को 53.10 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं। इस बजट के माध्यम से विद्यालयों में केवल ईंट-पत्थर का ढांचा ही नहीं तैयार होगा, बल्कि उन्हें डिजिटल युग के अनुरूप ढाला जाएगा। स्वीकृत कार्यों में मुख्य रूप से अतिरिक्त कक्ष एवं प्रयोगशाला: छात्रों के बैठने के लिए पर्याप्त जगह और विज्ञान के प्रयोगों हेतु आधुनिक लैब। सिविल कार्य एवं मरम्मत: भवन का सुदृढ़ीकरण और अन्य आवश्यक निर्माण। स्मार्ट क्लासरूम सुविधा: इंटरैक्टिव पैनल, ग्रीन बोर्ड और डिजिटल पढ़ाई के संसाधन। सुरक्षा एवं सुविधा: सीसीटीवी कैमरा स्थापना और भीषण गर्मी से राहत हेतु कूलरों की व्यवस्था। फर्नीचर: विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए उच्च गुणवत्ता वाला आधुनिक फर्नीचर। शिक्षा के क्षेत्र में मिली इस सौगात से देवरी, केसली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के अभिभावकों और छात्रों में खुशी की लहर है। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि आधुनिक सुविधाओं से लैस होने के बाद शासकीय स्कूलों में शिक्षा का स्तर निजी स्कूलों के समकक्ष होगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.