बिहार के सीवान जिले में पुलिस हिरासत से एक बार फिर आरोपी के फरार होने की घटना सामने आई है। शनिवार शाम सराय थाना हाजत से गोलीकांड का आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
हाजत में था आरोपी
जानकारी के अनुसार, पुरानी दुश्मनी के चलते सराय थाना क्षेत्र में पप्पू और एक युवक को गोली मारी गई थी। गोली लगने से घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और वह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भभूति तिवारी के पुत्र बबलू तिवारी को गिरफ्तार कर सराय थाना की हाजत में रखा था।
टॉयलेट जाने के बहाने घटना को दिया अंजाम
बताया जाता है कि शनिवार शाम आरोपी ने संतरी से टॉयलेट जाने की बात कही। संतरी आरोपी को हाजत से बाहर टॉयलेट के लिए ले गया। इसी दौरान मौके का फायदा उठाते हुए आरोपी ने संतरी को धक्का दे दिया और दीवार फांदकर मौके से फरार हो गया। संतरी के शोर मचाने पर अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुका था।
एक सप्ताह के भीतर दूसरी घटना
गौरतलब है कि यह एक सप्ताह के भीतर दूसरी घटना है जब थाना हाजत से आरोपी फरार हुआ है। इससे पहले मरवा थाना में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी फिरोज अंसारी भी हाजत की दीवार फांदकर फरार हो गया था, जिसे पुलिस अभी तक पकड़ नहीं सकी है।
ये भी पढ़ें: वैशाली जिले में तीन थानाध्यक्षों पर कार्रवाई, अब काटा जाएगा सैलरी का पैसा, जानें क्या है मामला?
पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल
लगातार हो रही इन घटनाओं से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीवान के एसपी पूरण कुमार झा ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.