हरियाणा में शनिवार से मौसम करवट लेने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बन गई है। मौसम विभाग ने 15 मार्च को कई जिलों में येलो और ओरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। इसके बाद 18 से 20 मार्च के बीच बारिश की गतिविधियां और बढ़ने का अनुमान है, जिससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से जींद, कैथल, पानीपत, कुरुक्षेत्र, करनाल और अंबाला में ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, पलवल, गुरुग्राम, रेवाड़ी, फरीदाबाद, नूंह, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, यमुनानगर और पंचकूला में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
16 से 20 मार्च तक खराब रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 16 मार्च को भी कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं (30-40 किमी/घंटा) के साथ बारिश हो सकती है। हालांकि 17 मार्च को मौसम कुछ हद तक शांत रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 18 से 20 मार्च के बीच फिर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं और इसका दायरा भी ज्यादा जिलों तक फैल सकता है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि आंधी-तूफान के दौरान खेतों में काम करने से बचें और गेहूं व अन्य रबी फसलों को तेज हवाओं से बचाने के उपाय करें। साथ ही इस दौरान सिंचाई और कीटनाशकों के छिड़काव से भी बचने की सलाह दी गई है। अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर, नूंह सबसे गर्म
हरियाणा में शनिवार को अधिकतम तापमान में औसतन 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 34 डिग्री सेल्सियस नूंह में दर्ज किया गया। हिसार में अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 4.7 डिग्री अधिक है। चरखी दादरी में 33.3, भिवानी में 32.6 और महेंद्रगढ़ में 32.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे में तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले कुछ दिनों में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट संभव है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.