हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कुमारी सैलजा।
हरियाणा के हिसार में कांग्रेस में गुटबाजी खुलकर सामने आने लगी है। अब नया विवाद हिसार कांग्रेस में शुरू हो गया है। दरअसल, कांग्रेस भवन पर लगे कुमारी सैलजा के पोस्टर को हटाने पर नया विवाद शुरू हो गया है।
कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया ने पुराने पोस्टर को हटाकर नया पोस्टर लगा दिया है। इसमें कुमारी सैलजा के फोटो का साइज छोटा कर साइड में कर दिया है जबकि सुरेजवाला को प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के बराबर दिखाया है।
इस पोस्टर से विवाद खड़ा हो गया है। सैलजा समर्थकों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है और पार्टी हाईकमान को शिकायत करने की बात कही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रवक्ता एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता एडवोकेट मुकेश सैनी ने इसे लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष को नसीहत दी है।
कांग्रेस कार्यालय के मुख्य गेट पर पहले कुमारी सैलजा का पोस्टर लगा था।
पहले भी विवादों में रह चुके बहबलपुरिया इससे पहले भी बहबलपुरिया विवादों में रह चुके हैं। ग्रामीण जिलाध्यक्ष बहलपुरिया और कांग्रेस शहरी जिलाध्यक्ष बजरंग दास गर्ग प्रदेशाध्यक्ष के मंच पर वोट चोरी के कार्यक्रम पर मंच संचालन को लेकर भिड़ चुके हैं। इसके बाद दोनों जिलाध्यक्ष ने पार्टी अनुशासन समिति के समक्ष माफी मांगी थी। अब पोस्टर हटाने से एक बार फिर बहबलपुरिया विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं।
सैलजा समर्थकों ने पोस्टर विवाद पर क्या कहा…
- एक होकर चलना चाहिए : कांग्रेस नेता एडवोकेट मुकेश सैनी ने ग्रामीण जिला अध्यक्ष बृजलाल बहलपुरिया को नसीहत देते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्य कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष को शोभा नहीं देते और साथ ही यह राहुल गांधी द्वारा दिए गए सभी नेताओं का सम्मान और एकता के साथ चलने की मुहिम के संदेश का सरेआम उल्लंघन है।
- कुमारी सैलजा हिसार की बेटी : मुकेश सैनी ने कहा कि ग्रामीण अध्यक्ष को यह याद रखना चाहिए की कुमारी सैलजा हिसार की बेटी हैं, जिन्होंने भारतीय राजनीति में अपने संघर्ष, स्वाभिमान, और ईमानदारी की राजनीति से हर पद पर रहते हुए देश की राजनीति में नेताओं के सामने एक मिसाल कायम की है। भारतीय संसद की 6 बार सदस्य रहते हुए उन्होंने अपने कार्य शैली से प्रेरणादाई नेतृत्व का उदाहरण नेताओं के सामने रखा है।
- यह घिनौनी हरकत : मुकेश सैनी ने कहा कि जिला कार्यालय से सैलजा का होर्डिंग हटाकर जिला अध्यक्ष ने जो नया होर्डिंग लगाया है, इसमें जिन सम्मानित नेताओं का फोटो लगाया है वह भी कुमारी सैलजा को राजनीति में अपनी बड़ी बहन मानते हैं। इस प्रकार की घिनौनी हरकत जिला अध्यक्ष को शोभा नहीं देती। कांग्रेस संगठन को एकजुट करके मज़बूत करने की बजाय गुटबाजी को बढ़ावा देने का कार्य कर रहे हैं जो कि निंदनीय और गलत हैं।
- जिलाध्यक्ष को माफी मांगनी चाहिए : मुकेश सैनी ने कहा कि इस हरकत के साथ जो भी लोग जुड़े हुए हैं उन्हें अपने निर्णय पर आत्म मंथन करते हुए खुद से माफी मांगनी चाहिए। सैनी ने कहा कि इस संबंध में एक पत्र प्रदेश अध्यक्ष को भी लिखा जाएगा जिसमें पूरा विवरण, हटाए गए होर्डिंग के चित्र सहित उनको भेजा जाएगा। इस प्रकार की कार्रवाई नेता को अपमानित करने वाला है।
- कार्यालय पर कब्जा करने की कार्रवाई : सैलजा समर्थकों ने कहा कि पार्टी कार्यालय पर जबरन एक तरफ मन माफिक निर्णय कर होर्डिंग लगाकर कब्जा करने की प्रवृत्ति को बढ़ावा दे रही है। हम सभी नेताओं का सम्मान करते हैं लेकिन जिस प्रकार हमारी नेता के स्वाभिमान के साथ उनके होर्डिंग को बदलने की कार्रवाई की गई है उसको बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.