रोहतक में कार्यक्रम संबोधित करते हुए कांग्रेसी नेता बृजेंद्र सिंह।
हरियाणा में हिसार के पूर्व सांसद कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वह कह रहे हैं- विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की आंधी नहीं थी। बराबरी का मुकाबला था, जिसे ये लोग समझ नहीं पाए।
बृजेंद्र का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है जब हरियाणा में कांग्रेस वोट चोरी को मुद्दा बना लगातार भाजपा पर हमलावर है। यहां तक कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने खुद दिल्ली में मीडिया के सामने प्रेजेंटेशन दी थी, जिसमें कहा था कि हरियाणा में सभी सर्वे कांग्रेस को जिता रहे थे, वोट चोरी से हारे। ऐसे में बृजेंद्र सिंह का यह बयान राहुल गांधी के इन दावों की हवा निकालता दिख रहा है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के बेटे बृजेंद्र सिंह प्रदेश में सद्भाव यात्रा निकाल रहे हैं। इन दिनों वह रोहतक में हैं। जो वीडियो सामने आया है, वह गांव बहु जमालपुर गांव में हुए कार्यक्रम का है। इधर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र ने कहा कि किसी भी कांग्रेसी को पार्टी लाइन से हटकर बयान नहीं देना चाहिए।
राहुल गांधी ने दिल्ली में प्रेजेंटेशन देकर सरकार चोरी, वोट चोरी का आरोप लगाया था। – फाइल फोटो
अपनी बात पर बृजेंद्र सिंह ने क्या 3 तर्क गिनाए…
- लोकसभा में 5-5 बराबर सीटें आईंः बृजेंद्र सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा दोनों की हरियाणा में 5-5 सीटें आई हैं, तो आंधी कैसे हो सकती है? कांग्रेस कोई आम आदमी पार्टी थोड़ी थी, जो यहां शून्य से 5 आने पर जश्न मनाती। लोकसभा चुनाव में भी केवल 46 विधानसभा में ही बढ़त मिली थी। मुझे तभी महसूस हो गया था।
- लोकसभा में सभी संगठित रहे: उन्होंने कहा- लोकसभा चुनाव में तो टिकट मांगने वाले कम थे। विधानसभा की तैयारी करने वालों ने भी मेहनत की थी, लेकिन जब तक एमएलए का चुनाव आया तो संगठन न होने की परतें खुलने लगीं। क्योंकि पार्टी में संगठन के नाम पर केवल नेता था।
- जिन्हें टिकट नहीं मिला, वे घर बैठ गए: बृजेंद्र ने कहा- विधानसभा चुनाव में केवल नेता थे, और उनके वर्कर थे, लेकिन कांग्रेसी नहीं थे। उनकी इच्छा तब तक ही थी या उतनी ही थी, जब तक उनका राजनीतिक मतलब था। मतलब टिकट मिल जाए तो बढ़िया। जिन्हें टिकट मिल गई, वे ठीक, बाकी दूसरे धंधों में लग गए। कुछ चुप होकर घर बैठ गए तो कुछ खुलकर विरोध में लग गए।

सद्भाव यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह व कार्यकर्ता।
सद्भाव यात्रा में 4 ऐसे बयान, जिससे कांग्रेस असहज
- बीरेंद्र बोले- बहुत कांग्रेसियों को भ्रम: बीरेंद्र सिंह ने कहा कि बृजेंद्र सिंह ने राहुल गांधी से बात कर यात्रा शुरू की है। कांग्रेस के साथी इस यात्रा में चल रहे हैं, लेकिन बहुत से साथियों में यह भ्रम है कि इस यात्रा में जाएं या न जाएं। यह उन पर निर्भर करता है। जो जाना चाहते हैं, वह मिलें। जो नहीं जाना चाहते वह 6-7 माह इंतजार कर लें। उन्हें भी पता लग जाएगा। हमें भी पता लग जाएगा। कितने कांग्रेसी अभी भी यात्रा से बाहर हैं।
- थाली बजाते आएंगे सभी: महेंद्रगढ़ में बीरेंद्र ने यह भी कहा- अब तो राजनीति में ऐसा हो रहा है, जैसे कब्जा कर लो कब्जा। कई नेता नहीं आए। फिर आएंगे आगे तो कहेंगे मैं बीमार हो गया था। मुझसे महेंद्रगढ़ में पत्रकारों ने पूछा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा क्यों नहीं आया? नया प्रधान बना है राव नरेंद्र सिंह, वह भी नहीं आया। एक-दो नाम और बोले। मैंने कहा कि अभी मेरा चालू हुआ है, महीना सवा महीना हुआ है। मैंने कहा- बालक होते हुए भी नौ-नौ महीने लग जाते हैं और जब हो जाए तब सारे थालियां बजाते हैं। तो ये सब थाली बजाएंगे। आएंगे आपके बीच में भी आएंगे।

सद्भाव यात्रा के दौरान एक कार्यक्रम संबोधित करते हुए बीरेंद्र सिंह और साथ में बैठे पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह। फाइल फोटो
- बृजेंद्र बोले ईडी से डर वाजिब: सद्भाव यात्रा के दौरान ही बृजेंद्र सिंह ने कहा कि ED और CBI से डर तो वाजिब है, लेकिन अपनी ही पार्टी के नेता से कैसा डर है। बृजेंद्र सिंह ने बिना किसी का नाम लिए तीखे कटाक्ष किए थे और कहा था कि कुछ लोग मेरी यात्रा से ही डर रहे हैं।
- छुटभैया के बारे में क्यों कहलवाना चाहते हो: रोहतक में बृजेंद्र सिंह ने कहा- मेरे से छोटे लोगों के बारे में क्यों कहलवाना चाहते हो। बहुत सारे छुटभैया है, जिनके बारे में बात करना ठीक नहीं है। कुछ लोगों को जो वहम था, वह भी निकल गया होगा। बृजेंद्र सिंह ने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा को दिक्कत किस चीज है कि निमंत्रण नहीं मिला या कांग्रेस की यात्रा नहीं है? अगर स्थिति स्पष्ट हो जाए तो इसका जवाब देने में आसानी होगी। यह बयान राहुल गांधी से मुलाकात के बाद दिया।

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र ने आपत्ति जताई है। फाइल फोटो
कांग्रेस अध्यक्ष बोले- नहीं जाना चाहिए पार्टी लाइन से बाहर हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र ने इस मुद्दे को लेकर कहा कि इसमें कोई शक नहीं होना चाहिए कि इस बार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की लहर थी। हरियाणा की जनता कांग्रेस की सरकार लाना चाहती थी। सरकार न आने का मुख्य कारण वोट चोरी रहा, जिसका खुलासा पार्टी के नेता राहुल गांधी बता चुके हैं।
उन्होंने कहा- हां, यह बात सही है कि चुनाव के समय संगठन नहीं था, जिसका नुकसान भी पार्टी का हुआ है, लेकिन मुख्य कारण वोट चोरी है। पार्टी के किसी भी नेता को पार्टी लाइन से बाहर जाकर इस प्रकार का बयान नहीं देना चाहिए।

Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.