हरदा। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मध्यप्रदेश कोटवार संघ ने शुक्रवार को कलेक्टर के नाम नायब तहसीलदार भगवानदास तमखाने को एक ज्ञापन सौंपा। संघ ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणाओं का पालन न होने का आरोप लगाया है। ज्ञापन में कोटवारों ने वेतन वृद्धि, सेवा भूमि पर फार्मर आईडी बनाने, सेवानिवृत्ति पर एक लाख रुपये की राशि और उनके आश्रितों को नियुक्ति सहित कई प्रमुख मांगें रखी हैं।गौरतलब हो कि जिले में करीब 450 कोटवार कार्यरत है। मध्यप्रदेश कोटवार संघ के जिलाध्यक्ष रामकिशन रोखड़े ने बताया कि कोटवारों को हर साल 500 रुपये वेतन वृद्धि के आदेश 1 अक्टूबर 2023 को जारी हुए थे, लेकिन अब तक इसका लाभ नहीं मिला है। उन्होंने 6 महीने के एरियर को जल्द खातों में डालने की मांग की। साथ ही, कोटवारों को हर महीने की 10 से 15 तारीख के बजाय 1 तारीख को वेतन भुगतान करने की मांग भी की गई। संघ ने यह भी मांग की है कि 62 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्त होने पर कोटवारों को एक लाख रुपये की राशि दी जाए और उनके बच्चों को कोटवार के पद पर नियुक्त किया जाए। अन्य मांगों में कोटवारों को सीयूजी मोबाइल सिम, उसके रिचार्ज की राशि और वर्दी के लिए राशि सीधे उनके खातों में डालना शामिल है। इसके अलावा, सभी कोटवारों को 2 रुपये में स्वास्थ्य बीमा का लाभ देने की भी मांग की गई है। कोटवारों ने अपनी सेवा भूमि पर फार्मर आईडी बनवाने के आदेश जारी करने की भी मांग की, ताकि उन्हें खाद के लिए टोकन मिल सकें। इस संबंध में नायब तहसीलदार भगवानदास तमखाने ने कहा कि कोटवारों की मांगों को वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.