गर्मी के पांव पसारते ही ग्वालियर के चिड़ियाघर में बदलाव देखने को मिल रहे हैं। अब चिड़ियाघर के जानवरों के खाने में भी बदलाव किया जा रहा है। अब तक इन जानवरों को सर्दियों के हिसाब से गर्म तासीर वाला भोजन दिया जा रहा था, लेकिन अब गर्मी बढ़ने के साथ उनके आहार में बदलाव किया जा रहा है। चिड़ियाघर के प्रभारी डॉ. उपेंद्र यादव ने बताया कि मौसम में बदलाव को देखते हुए जानवरों के खाने में बदलाव शुरू कर दिया गया है। जानवरों को अब लिक्विड फूड दिया जाना शुरू कर दिया गया है, ताकि दिन के समय उन्हें डिहाइड्रेशन जैसी समस्या न हो। उन्होंने बताया कि अब सीजनल सब्जियों में ऐसी सब्जियां शामिल की जा रही हैं जिनमें पानी की मात्रा अधिक होती है, जैसे खीरा, टमाटर, ककड़ी आदि। इससे गर्मियों के दौरान शरीर में पानी की मात्रा संतुलित रहेगी और किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। जल्द पिंजरों में भी होगा बदलाव
जल्द ही ग्वालियर के चिड़ियाघर में जानवरों के रहने के लिए बने पिंजरों में भी गर्मियों के हिसाब से बदलाव किया जाएगा। पक्षियों के पिंजरों पर ग्रीन नेट और खस से बनी टाटियां डाली जाएंगी। वहीं जानवरों के पिंजरों के पास कूलर और पंखे लगाए जाएंगे, ताकि गर्मी के कारण कोई भी पशु विचलित या बीमार न हो। छुट्टी के दिन रहती है पर्यटकों की भीड़
ग्वालियर के चिड़ियाघर में अलग-अलग प्रकार के पशु-पक्षी मौजूद हैं। इनमें व्हाइट टाइगर भी मुख्य आकर्षण का केंद्र है, वहीं शेर की दहाड़ भी चिड़ियाघर को खास बनाती है। सामान्य दिनों में पर्यटकों की संख्या सामान्य रहती है, लेकिन छुट्टी के दिन यहां बच्चों और उनके परिजनों की लंबी कतारें देखने को मिलती हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.