ग्वालियर में रंगपंचमी के अवसर पर श्री अचलेश्वर महादेव न्यास द्वारा रविवार को भव्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान बाबा अचलनाथ की नगर यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे और फूलों तथा गुलाल से होली खेलेंगे। बाबा अचलनाथ की सवारी सुबह 11 बजे अचलेश्वर महादेव मंदिर से नगर भ्रमण के लिए प्रस्थान करेगी। यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों और बाजारों से होकर गुजरेगी, जिसमें सवारी दल बाजार, लोहिया बाजार, दौलतगंज, महाराज बाड़ा और सराफा बाजार शामिल हैं। शाम करीब 4 बजे यह सवारी राम मंदिर पहुंचेगी। नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालु जगह-जगह बाबा अचलनाथ की सवारी का स्वागत करेंगे और फूलों की वर्षा करेंगे। भगवान राम से खेलेंगे होली राम मंदिर पहुंचने पर बाबा अचलनाथ भगवान राम के साथ फूलों और गुलाल से होली खेलेंगे। इसके अतिरिक्त, सनातन धर्म मंदिर में चक्रधर भगवान के साथ भी रंगोत्सव मनाया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। दानदाता ने की 5 किलो चांदी दान कार्यक्रम के समापन पर बाबा अचलनाथ की सवारी मंदिर वापस लौटेगी, जहां आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। इस आयोजन के दौरान एक दानदाता द्वारा मंदिर के स्तंभों के लिए 5 किलो चांदी दान करने की बात भी सामने आई है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार आज मंदिर की सभी दानपेटियां भी खोली जाएंगी। रंगपंचमी के इस भव्य आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.