ग्वालियर में शराब के नशे में धुत एक युवक ने हंगामा कर दिया। परिजन उसकी हालत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसने भाइयों को धक्का देकर खुद को छुड़ाया और भागकर कुएं में कूद गया। घटना जनकगंज थाना क्षेत्र की भैंस मंडी में बुधवार सुबह करीब 7 बजे की है। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और युवक को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पूरी रात पीता रहा शराब, सुबह बिगड़ी हालत जनकगंज थाना क्षेत्र के निम्बाजी की खोह, भैंस मंडी निवासी 35 वर्षीय शिवसिंह उर्फ लल्ला कुशवाह (पुत्र महेश कुशवाह) प्राइवेट नौकरी करता था और शराब पीने का आदी बताया गया है। परिजनों के अनुसार वह पूरी रात शराब पीता रहा। नशा अधिक होने पर उसकी हरकतें असामान्य हो गईं और वह उग्र व्यवहार करने लगा। रात किसी तरह बिताने के बाद सुबह उसका भाई छोटू कुशवाह अन्य परिजनों के साथ उसे उपचार के लिए ले जा रहे थे। धक्का देकर भागा, कुएं में लगाई छलांग भैंस मंडी पहुंचते ही शिवसिंह ने अचानक हंगामा शुरू कर दिया और परिजनों को धक्का देकर भाग निकला। परिवार के लोग उसके पीछे दौड़े, तभी उसने पास के एक कुएं में छलांग लगा दी। घटना देख परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना जनकगंज थाना पुलिस के मुताबिक युवक ने अत्यधिक शराब पी रखी थी। नशा बढ़ने पर वह अनियंत्रित हो गया और कुएं में कूद गया। परिजन और स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.