ग्वालियर में एक व्यक्ति के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 1 लाख 4 हजार रुपए निकाल लिए। घटना 19 फरवरी को हुई, जब पीड़ित अपने मोबाइल फोन पर एक PDF फाइल डाउनलोड कर रहा था। तभी गलती से एक APK फाइल डाउनलोड हो गई, जिसके बाद उसके खाते से पैसे निकल गए। पीड़ित को बैंक से पैसे निकलने का मैसेज मिलने पर ठगी का पता चला। पीड़ित की शिकायत पर ठाटीपुर थाना पुलिस नेअज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ठाटीपुर थाना टीआई विपेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि बैंकर्स कॉलोनी निवासी दीपेंद्र सिंह परमार 19 फरवरी की रात अपने मोबाइल पर कुछ दस्तावेज डाउनलोड कर रहे थे। जैसे ही दीपेंद्र ने PDF फाइल डाउनलोड की तो उसके सामने अचानक एक एपीके (APK) फाइल बीच में आ गई। दीपेंद्र परमार ने इस पर ध्यान नहीं दिया और वह एपीके फाइल डाउनलोड हो गई। एपीके फाइल डाउनलोड होते ही दीपेंद्र परमार के सेंट्रल बैंक खाते से लेनदेन शुरू हो गया। साइबर ठगों ने उनके मोबाइल को हैक कर लिया और उसके खाते से कुल 1 लाख 4 हजार रुपए अपने कई खातों में स्थानांतरित कर लिए। दीपेंद्र को अपने मोबाइल पर बैंक से पैसे निकाले जाने का मैसेज मिलने पर इस ठगी का पता चला। इसके बाद वह ठाटीपुर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। टीआई विपेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस यह जांच कर रही है कि खाते से निकाले गए पैसे किन-किन खातों में ट्रांसफर किए हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.