प्रशिक्षण के उपरांत बैंक से लोन
सब्जी की खेती एवं सुकर पालन करके युवा मोटी कमाई कर सकते हैं. बैंक ऑफ इंडिया स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान(RSETI) गुमला जिले के सिलम में स्थित है. यह बेरोजगार युवक युवतियों के लिए 12 दिनों का निःशुल्क सब्जी नर्सरी एवं प्रबंधन और सुकर पालन की ट्रेनिंग का शानदार अवसर लेकर आया है. यहां प्रशिक्षण के साथ साथ निःशुल्क भोजन व आवास की भी सुविधा मिलेगी. साथ ही युवक/युवतियां प्रशिक्षण के उपरांत बैंक से सब्सिडी में लोन लेकर खुद का व्यवसाय शुरु कर सकते हैं.
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर Rseti के निर्देशक निपुण गुप्ता ने कहा कि गुमला के ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले युवक युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए आरसेटी प्रयासरत है. वह निरंतर रूप से लोगों को निःशुल्क प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ रहा है. यहां आप भी प्रशिक्षण के उपरांत पीएमईजीपी के तहत 50 हजार से 50 लाख तक का लोन 35% सब्सिडी पर प्राप्त कर खुद का व्यापार शुरू कर सकते हैं.
प्रशिक्षण कार्यक्रम निशुल्क
बता दें कि, Rseti गुमला भारत सरकार द्वारा प्रायोजित एक संस्था है जो गुमला जिले में बैंक ऑफ इंडिया द्वारा संचालित होता है. यहां पर जितने भी प्रशिक्षण कार्यक्रम होते हैं सब निशुल्क होते हैं. साथ ही इन प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान रहना, खाना-पीना सब कुछ निशुल्क होता है. फिलहाल यहां 12 दिसंबर 2025 से सब्जी नर्सरी एवं सुकर पालन का प्रशिक्षण प्रारंभ होना है. इस कार्यक्रम के तहत सब्जियों के बीज और किस्मों का चयन, मिट्टी की PH जांच, बीज उपचार का तरीका, मिट्टी व पौधे के पोषक तत्व, जैविक खेती के लिए केंचुआ खाद निर्माण, वर्मी वास टॉनिक बनाने की विधि से अवगत कराया जाएगा.
प्राकृतिक खेती के लिए प्रशिक्षण
साथ ही, प्राकृतिक खेती के लिए जीवामृत बनाने की विधि, घन जीवामृत बनाने की विधि, वीजा मृत बनाने की विधि, नर्सरी के लिए फ्रूट ट्री नर्सरी तकनीक, पादप प्रवर्धन तकनीक, ग्राफ्टिंग, वेडिंग, लेयरिंग, टिशु कल्चर, कृषि के लाभकारी कीड़ों को जानना, मित्र एवं शत्रु कीट की भूमिका, उत्पादन में गुणवत्ता पूर्ण बीजों की भूमिका, गुमला के प्रमुख खाद्य फसल, गुमला के प्रमुख व्यवसायिक फसल, शुष्क भूमि कृषि तकनीक (नमी संरक्षण), कुशल सिंचाई प्रणाली (बौछार एवं टपक सिंचाई ), प्रमुख फसलों के कीड़े रोग एवं उपचार, फल और सब्जी की खेती, औषधीय एवं सुगंधित पौधों की खेती आदि के बारे में बताया जाएगा. साथ ही सुकर पालन का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा.
क्या है योग्यता
योग्यता की बात करें तो सामान्य रूप से पढ़ना लिखना आना चाहिए. प्रशिक्षण के लिए सीटों की बात करें तो कुल 35 सीट निर्धारित है, जिसके लिए रजिस्ट्रेशन जारी है. इस प्रशिक्षण में भाग लेने के इच्छुक युवा गुमला के जशपुर रोड सिलम स्थित बैंक ऑफ इंडिया स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में संपर्क कर सकते हैं. इसके लिए आवश्यक दस्तावेज के रूप में आधार कार्ड, बीपीएल कार्ड, राशन कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो स्वयं सहायता समूह द्वारा निर्गत कार्ड होना जरूरी है. रजिस्ट्रेशन के बाद युवा 13 दिसंबर तक आकर अपना प्रशिक्षण शुरू कर सकते हैं. अधिक जानकारी के लिए निम्न नंबर में संपर्क कर सकते हैं – 7667291682 /8709287276/ 9934845324/ 9693807377/ 7782940161/ 8130461347.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.