गयाजी के इमामगंज प्रखंड अंतर्गत झिकटिया ग्राम पंचायत के उरदाना गांव में आज बीरू पासवान (28) का पार्थिव शरीर पहुंचा। उनकी मौत 1 मार्च को गुजरात की एक स्टील फैक्टरी में हुए हादसे में हुई थी। इस घटना से परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों के अनुसार, बीरू गुजरात में एक निजी स्टील फैक्टरी में क्रेन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत थे। घटना वाले दिन फैक्टरी परिसर में भट्टी फटने की अफवाह फैली, जिससे वहां अफरातफरी मच गई। इसी दौरान घबराहट में बीरू पासवान लगभग 100 फीट की ऊंचाई से नीचे कूद गए। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। छह महीने पहले हुई थी शादी बीरू पासवान की शादी महज छह महीने पहले गुरुआ प्रखंड क्षेत्र में हुई थी। उनकी पत्नी गर्भवती हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और बेहतर आजीविका की तलाश में वे छठ पर्व के बाद गुजरात काम करने गए थे। उनकी असमय मौत से माता-पिता, गर्भवती पत्नी और अन्य परिजनों का भविष्य अनिश्चित हो गया है। आज एंबुलेंस से बीरू का शव गांव पहुंचते ही सैकड़ों ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। ग्रामीणों ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता देने की अपील की है। साथ ही गुजरात सरकार से भी आर्थिक सहयोग दिलाने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में मजदूर रोज़गार के लिए दूसरे राज्यों में जाते हैं, जहां उन्हें जोखिम भरे हालात में काम करना पड़ता है। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि बिहार में ही स्थायी रोजगार के अवसर सृजित किए जाएं, ताकि मजदूरों को पलायन न करना पड़े और इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। फिलहाल उरदाना गांव में मातम पसरा है और परिजन न्याय व मुआवजे की आस लगाए हुए हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.