Grow Veggies At Home: जनवरी का महीना किसानों और घर पर गार्डनिंग करने वालों के लिए खास होता है, क्योंकि इस समय अगेती सब्जियों की बुवाई का बेहतरीन टाइम होता है. सही देखभाल के साथ गमले या छत पर लगाई गई सब्जियां फरवरी-मार्च से ही ताजा फल देना शुरू कर देती हैं.
जनवरी महीने का आगमन होते ही किसान और शहरी गार्डनिंग करने वाले लोगों के लिए एक सुनहरा मौका आ जाता है. इस समय मौसम ठंडा जरूर रहता है, लेकिन कई अगेती सब्जियां ऐसी हैं जिन्हें गमले या छत पर आसानी से उगाया जा सकता है. सही देखभाल और समय पर बुवाई करने से फरवरी-मार्च में इन सब्जियों से फल मिलना शुरू हो जाता है.

देवघर के कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक विवेक कश्यप ने जानकारी देते हुए कहा की किसान अगर अगेती खेती करें तो भरपूर लाभ मिलता है. इसके साथ ही जो गार्डनिंग करते हैं वे भी अगेती खेती के रूप मे अपने गमले मे कई सब्जियों का उत्पादन छत पर कर सकते हैं. इससे उनकी पॉकेट पर असर कम पड़ेगा और वे ताजा सब्जी का सेवन भी कर पाएंगे.

धनिया एक ऐसी फसल है जिसे आप सालभर गमले में उगा सकते हैं. जनवरी में इसे लगाने के लिए बीज को हल्का सा मसलकर 8-10 घंटे पानी में भिगो दें. फिर अच्छी जल निकास वाली मिट्टी में छिड़काव करें. 7-10 दिनों में पौधे निकलने लगते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

अगर आप गर्मियों में ताजी भिंडी खाना चाहते हैं तो जनवरी में ही इसकी तैयारी कर लें. बाजार से अच्छी किस्म का बीज लाकर रातभर पानी में भिगो दें. 20-25 दिनों में जर्मिनेशन हो जाता है और 1 से डेढ़ महीने में भिंडी तोड़ने लायक हो जाती है.

गमले में लौकी उगाने के लिए कम से कम 15-20 लीटर का गमला लें. बीज को 24 घंटे पानी में भिगोकर बोएं. बेल को चढ़ाने के लिए सहारा जरूर दें. फरवरी महीने से लौकी आना शुरू हो जाती है.

गर्मी के दिनों में खीरे का सलाद बहुत फायदेमंद होता है. जनवरी में खीरे का बीज लगाने से समय पर फसल मिलती है. गमले को धूप वाली जगह रखें और नियमित सिंचाई करें. 35-40 दिनों में खीरा तैयार हो जाता है.

करेला सेहत के लिए बेहद लाभकारी सब्जी है. इसे लगाने से पहले बीज का ऊपरी हिस्सा हल्का सा काट लें ताकि अंकुरण जल्दी हो. बेल को फैलने के लिए मजबूत जाली या रस्सी का सहारा दें.

अब बात करते हैं जरूरी सावधानियों की. जनवरी में रात के समय ओस गिरती है, जो बीज और छोटे पौधों को नुकसान पहुंचा सकती है. इसलिए रात में गमलों को छत के नीचे या सुरक्षित जगह पर रखें. सुबह धूप निकलने पर फिर बाहर रख दें.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.