Last Updated:
Grow Avocado At Home: आज के समय में लोग घर की बालकनी और छत पर ही फल-सब्जी उगाने लगे हैं. ऐसे में विदेशी फल एवोकाडो भी कुछ आसान टिप्स फॉलो करके घर पर उगाया जा सकता है. बाजार में इसकी कीमत भी बहुत अधिक होती है.
छोटे शहरों और सीमित जगह वाले घरों के लिए एवोकाडो एक अच्छा विकल्प माना जा रहा है. सही देखभाल करने पर गमले में भी एवोकाडो का पौधा अच्छी तरह बढ़ता है और समय-समय पर फल देता है. बस कुछ छोटी लेकिन जरूरी बातों का ध्यान रखना होता है. जानते हैं इसे उगाने के टिप्स.

पलामू के सतीश दुबे ने अपने खेत में इस फसल को लगाया है. उन्होंने कहा कि हर एवोकाडो की किस्म घर में लगाने के लिए उपयुक्त नहीं होती. छोटे स्थान के लिए ड्वार्फ किस्म सबसे अच्छी मानी जाती है. Wurtz जैसी कॉम्पैक्ट किस्म गमले में आसानी से उग जाती है और ज्यादा जगह नहीं लेती. हालांकि छोटे पौधे में फल कम लगते हैं, लेकिन घर के उपयोग के लिए यह पर्याप्त होता है और ताजा फल मिलता रहता है.

वे आगे बताते हैं कि एवोकाडो लगाने के लिए कम से कम 12 से 16 इंच का गमला लेना चाहिए, जिसमें नीचे छेद जरूर हो ताकि पानी जमा न हो. मिट्टी में गार्डन मिट्टी, रेत और गोबर खाद या कम्पोस्ट मिलाकर हल्की और भुरभुरी बनाएं. इससे पौधे की जड़ें मजबूत होती हैं और पौधा तेजी से बढ़ता है. भारी मिट्टी में पौधा जल्दी खराब हो सकता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

एवोकाडो को अच्छी धूप की जरूरत होती है. रोजाना 6 से 8 घंटे धूप मिलने पर पौधा स्वस्थ रहता है. अगर घर के अंदर रख रहे हैं तो दक्षिण दिशा की खिड़की के पास रखें. 15 से 30 डिग्री तापमान इसके लिए सबसे अच्छा माना जाता है. बहुत ठंड या ज्यादा गर्मी में पौधा कमजोर हो सकता है.

इस पौधे में जरूरत से ज्यादा पानी देना नुकसानदायक होता है. मिट्टी को हमेशा हल्का नम रखें लेकिन गीला नहीं. जब ऊपर की 1 से 2 इंच मिट्टी सूख जाए तभी पानी दें. अधिक पानी देने से जड़ सड़ने की समस्या हो सकती है, जिससे पौधा खराब हो जाता है.

उन्होंने बताया कि घर में लगाए गए पौधे में जब फूल आते हैं तो प्राकृतिक परागण कम हो पाता है. ऐसे में छोटी ब्रश या रूई की मदद से फूलों पर हल्का परागण करना चाहिए. इससे फल बनने की संभावना बढ़ जाती है और जल्दी फल मिल सकता है.

समय-समय पर इसके पौधे में जैविक खाद डालते रहें. सूखी पत्तियों को हटाएं और गमले की मिट्टी को ढीला करें. कीड़े लगने पर नीम का घोल छिड़क सकते हैं. सही देखभाल करने पर एवोकाडो का पौधा कई साल तक फल देता रहता है और घर की शोभा भी बढ़ाता है.

उन्होंने बताया कि एवोकाडो बाजार में महंगा बिकने वाला फल है. अगर इसे ज्यादा संख्या में लगाया जाए तो यह कमाई का जरिया भी बन सकता है. आजकल लोग घर की छत, आंगन और बालकनी में ही फलदार पौधे लगाकर अच्छा लाभ ले रहे हैं. सही जानकारी के साथ एवोकाडो की खेती घर से ही शुरू की जा सकती है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.