गिरफ्तार दूसरे आरोपी की पहचान जींद निवासी नंदकिशोर के रूप में हुई है।
सोनीपत जिले के थाना शहर गोहाना पुलिस ने नकली घी तस्करी मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जींद निवासी नंदकिशोर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसको कोर्ट में पेश कर आगे की जांच के लिए 2 दिन के रिमांड पर लिया है।
यह मामला 10 दिसंबर 2025 को शुरू हुआ, जब वीटा मिल्क प्लांट, जींद के असिस्टेंट मैनेजर (क्वालिटी कंट्रोल) बादल ने थाना शहर गोहाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्हें सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गाड़ी में वीटा कंपनी का नकली घी लेकर जींद से गोहाना की ओर आ रहा है।
सूचना के आधार पर, बादल अपनी टीम के साथ महादेव रिजॉर्ट, गोहाना-जींद रोड के पास पहुंचे। वहां उप निरीक्षक गुलशन अपनी पुलिस टीम के साथ पहले से मौजूद थे। पुलिस ने नाकाबंदी कर जींद की ओर से आ रही एक गाड़ी को रोका।
गोहाना पुलिस ने कार से बरामद किया था नकली घी।
कार ड्राइवर ने अपनी पहचान जींद निवासी सुनील के रूप में बताई। पूछताछ में उसने गाड़ी में नकली वीटा घी होने की बात स्वीकार की। जांच के दौरान, गाड़ी से कुल 35 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें 450 लीटर नकली वीटा घी था।
इनमें से 10 पेटियों में प्रत्येक में 15 लीटर और शेष 25 पेटियों में प्रत्येक में 12 लीटर नकली घी पाया गया। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं और कॉपीराइट एक्ट, 1957 के तहत थाना शहर गोहाना में मुकदमा दर्ज किया गया था।
थाना शहर गोहाना की अनुसंधान टीम में नियुक्त उप निरीक्षक गुलशन ने पहले आरोपी सुनील को गिरफ्तार किया था। आगे की जांच में पुलिस ने घटना में संलिप्त मुख्य आरोपी नंदकिशोर को भी गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब मामले में अन्य संभावित सहयोगियों और नकली घी के सप्लाई नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.