Godda News: गोड्डा की भागवती देवी और उनका परिवार कभी आधारभूत जरूरतों के लिए पैसे नहीं जुटा पाते थे. फिर JSLPS के महिला समूह से जुड़कर उन्होंने वहां से मिली पूंजी से काम सीखा और आज की तारीख में महीने के 30 हजार रुपये कमा रही हैं.
ऐसे बदली किस्मत
भागवती देवी बताती हैं कि JSLPS से जुड़ने से पहले उनके परिवार की स्थिति बेहद कमजोर थी. घर में आमदनी का कोई स्थायी साधन नहीं था. पति की आय से घर चलाना मुश्किल होता था. बच्चों की पढ़ाई, इलाज और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना एक बड़ी चुनौती थी. कई बार हालात ऐसे हो जाते थे कि जरूरी खर्चों को भी टालना पड़ता था. लेकिन JSLPS की महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद उनकी किस्मत ने करवट ली.
पूंजी का किया बेहतरीन इस्तेमाल
महिला समूह के माध्यम से भागवती देवी को सरकार की योजना के तहत ऋण की सुविधा मिली. इस ऋण को उन्होंने उपभोग में खर्च करने के बजाय पूंजी के रूप में इस्तेमाल करने का फैसला लिया. JSLPS द्वारा ही उन्हें सिलाई और ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण दिया गया. प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने सिलाई, कढ़ाई, कपड़ों की डिजाइनिंग के साथ-साथ पार्लर से जुड़े विभिन्न कामों की बारीकियां सीखी.
तीन काम एक साथ किए शुरू
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद भागवती देवी ने अपने घर से ही सिलाई, मनियारी और ब्यूटी पार्लर, तीनों काम एक साथ शुरू किए. शुरुआत में ग्राहक कम थे, लेकिन धीरे-धीरे उनके काम की गुणवत्ता और व्यवहार के कारण गांव ही नहीं, आसपास के इलाकों से भी महिलाएं उनके पास आने लगीं. आज उनके पार्लर और सिलाई सेंटर में नियमित रूप से ग्राहक पहुंचते हैं.
एक महीने में 30 हजार की इनकम
भागवती देवी बताती हैं कि वर्तमान में वे महीने के लगभग 30 हजार रुपये तक की आमदनी कर रही हैं. इस आय से वे बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और भविष्य की बचत आसानी से कर पा रही हैं. अब उन्हें किसी के सामने हाथ फैलाने की जरूरत नहीं पड़ती. सबसे बड़ी बात यह है कि उन्हें आत्मसम्मान और आत्मविश्वास मिला है.
दूसरी महिलाओं को कर रही प्रेरित
भगवती का कहना है कि अगर सही मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं का लाभ मिले, तो ग्रामीण महिलाएं भी आत्मनिर्भर बन सकती हैं. JSLPS जैसी योजनाएं महिलाओं को न केवल रोजगार का अवसर देती हैं, बल्कि उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने की ताकत भी देती हैं. आज भागवती देवी की सफलता की कहानी गांव की अन्य महिलाओं को भी समूह से जुड़कर कुछ नया करने के लिए प्रेरित कर रही है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.