गोड्डा जिले के मेहरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत डोय हरिपुर गांव में रविवार को एक 19 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान हाजरा खातून (19) के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब आठ माह पूर्व मो. मोजाहिद से हुई थी। ससुर मकसूद के अनुसार रविवार को परिवार के सभी सदस्य धान की तैयारी के लिए खेत गए हुए थे। दोपहर के समय उनका पुत्र जब घर लौटा तो उसने घर का दरवाजा अंदर से बंद पाया। काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला, तो पीछे की ओर से दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया गया। अंदर जाने पर पुत्र ने अपनी पत्नी को फांसी के फंदे से झूलता हुआ देखा, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। हत्या कर आत्महत्या का रूप दिया गया घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए। मृतका की मां नूरजहां ने कहा कि उनकी बेटी की हत्या की गई है और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि शादी के बाद से ही हाजरा के साथ ससुराल में ठीक व्यवहार नहीं हो रहा था। मायके पक्ष ने इस मामले में निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। घटना के बाद ससुराल और मायके पक्ष के बीच तनाव का माहौल बन गया। ग्रामीणों के अनुसार, विवाहिता की उम्र कम होने और शादी को कम समय बीतने के कारण मामला और भी संवेदनशील हो गया है। गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार सूचना मिलने पर मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतका के परिजनों और ससुराल पक्ष से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गोड्डा भेज दिया गया है। इस संबंध में थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। उन्होंने बताया कि मृतका के परिजनों की ओर से आवेदन दिया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.