Godda LPG Issue: एलपीजी की किल्लत के बीच गोड्डा से राहत की खबर है. यहां के महागामा गैस एजेंसी के सूरज शुक्ला का कहना है कि जैसे ही सर्वर की समस्या ठीक हो जाएगी, पहले की तरह सुचारू रूप से सिलेंडर मिलना शुरू हो जाएगा. फिलहाल लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है.
महागामा स्थित शबनम गैस एजेंसी के कर्मचारी सूरज शुक्ला ने बताया कि फिलहाल वेबसाइट पर सर्वर से जुड़ी समस्या आ रही है.इसके कारण उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर पर ओटीपी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे पर्ची काटने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है. उन्होंने बताया कि गोदाम में एलपीजी सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, लेकिन तकनीकी समस्या की वजह से वितरण प्रक्रिया प्रभावित हो गई है.
सूरज शुक्ला ने कहा कि जैसे ही सर्वर की समस्या ठीक हो जाएगी, उपभोक्ताओं को पहले की तरह सुचारू रूप से सिलेंडर मिलना शुरू हो जाएगा. फिलहाल लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि गैस की कमी नहीं है, केवल ऑनलाइन सिस्टम में दिक्कत आ रही है.
इस बीच एजेंसी की ओर से उपभोक्ताओं को एक आसान विकल्प भी बताया गया है. उपभोक्ता अपने मोबाइल फोन के प्ले स्टोर से IndianOil ONE ऐप
https://play.google.com/store/apps/details?id=cx.indianoil.in
डाउनलोड कर घर बैठे ही गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं. इस ऐप के माध्यम से उपभोक्ता बिना एजेंसी कार्यालय आए आसानी से बुकिंग कर सकते हैं और सिलेंडर की स्थिति भी ट्रैक कर सकते हैं.
गैस सिलेंडर लेने आए उपभोक्ता दिनेश कुमार ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से अपने घर के लिए गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी का चक्कर लगा रहे थे. लेकिन जब उन्हें ऑनलाइन बुकिंग की जानकारी मिली तो उन्होंने अपने मोबाइल से सिलेंडर बुक किया. इसके बाद आज उन्हें आसानी से गैस सिलेंडर मिल गया.
वहीं एक अन्य उपभोक्ता मो. सद्दाम ने बताया कि उन्हें भी आज एजेंसी कार्यालय से इस ऐप के बारे में जानकारी मिली है. उन्होंने बताया कि उन्होंने मोबाइल से ऑनलाइन बुकिंग कर दी है और उम्मीद है कि शाम तक या कल तक ओटीपी आने के बाद उन्हें भी गैस सिलेंडर मिल जाएगा.
गैस एजेंसी के कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और ऑनलाइन बुकिंग का अधिक से अधिक उपयोग करें. साथ ही उन्होंने लोगों को किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या दलालों के चक्कर में न पड़ने की सलाह दी है. एजेंसी के अनुसार तकनीकी समस्या जल्द ही ठीक होने की उम्मीद है, जिसके बाद गैस वितरण पूरी तरह सामान्य हो जाएगा.
तकनीकी समस्या के बावजूद एजेंसी का कहना है कि गैस की उपलब्धता पर्याप्त है और उपभोक्ताओं को परेशान होने की जरूरत नहीं है. ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से लोग आसानी से और सुरक्षित तरीके से अपने घर तक गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.