बाजार में पसरा है सन्नाटा
अचानक बढ़ी ठंड का असर जिले के कामकाज पर भी साफ तौर पर देखने को मिल रहा है. सुबह से ही बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रह. खासकर मजदूर वर्ग के लोग ठंड के कारण काम पर नहीं निकल सके और कई स्थानों पर अलाव के आसपास बैठे नजर आए. दिहाड़ी मजदूरों के लिए यह ठंड दोहरी मार साबित हो रही है, क्योंकि ठंड के साथ-साथ रोजगार भी प्रभावित हो रहा है.
कृषि मौसम वैज्ञानिक रजनीश प्रसाद राजेश ने ठंड को देखते हुए आम लोगों और किसानों के लिए विशेष सलाह दी है. उन्होंने कहा कि आम लोग एहतियातन पूरे शरीर को गर्म कपड़ों से ढककर रखें और सुबह-शाम अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें. किसानों को सलाह दी गई है कि वे फसलों में नमी बनाए रखें, ताकि ठंड का असर कम हो सके. वहीं पशुपालकों को अपने पशुओं को जूट की बोरी या अन्य गर्म कपड़ों से ढककर रखने, पशुशालाओं में पुआल बिछाने और ठंडी हवाओं से बचाव के लिए उचित व्यवस्था करने की सलाह दी गई है.
सुबह दोपहर शाम में नहीं हो पा रहा फर्क
स्थानीय निवासी सुजीत कुमार ने बताया कि पिछले दो दिनों से ठंड अपने प्रचंड रूप में है. उन्होंने कहा कि सुबह, दोपहर और शाम के समय का फर्क महसूस नहीं हो पा रहा है. वहीं जिला प्रशासन की ओर से ठंड से राहत के लिए जिले भर में अलाव की व्यवस्था की गई है. इसके साथ ही गरीबों, असहायों और झोपड़पट्टियों में रहने वाले लोगों के बीच गर्म कंबलों का वितरण भी किया जा रहा है.
पथरगामा के प्रिंस यादव ने बताया कि अचानक बढ़ी ठंड से खासकर बुजुर्गों और बीमार लोगों को अधिक परेशानी हो सकती है. ऐसे में उन्हें विशेष सावधानी बरतने और गर्म स्थानों पर रहने की आवश्यकता है. कुल मिलाकर, गोड्डा में ठंड ने एक बार फिर लोगों को सतर्क कर दिया है और आने वाले दिनों में भी सावधानी बरतना जरूरी होगा.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.