सफियासराय थाना क्षेत्र की 25 वर्षीय जीएनएम छात्रा स्नेहा कुमारी की गुमशुदगी का मामला अब सनसनीखेज हत्याकांड में बदल गया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि स्नेहा की हत्या उसके प्रेमी ने ही की और सबूत मिटाने के लिए शव को पूर्णिया के श्मशान घाट पर जला दिया। एसपी ने पूरे मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
21 जनवरी को दर्ज हुई थी गुमशुदगी
आदमपुर निवासी किरण देवी ने 21 जनवरी को अपनी बेटी स्नेहा की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों के मुताबिक, स्नेहा 17 जनवरी को पढ़ाई के लिए भागलपुर निकली थी, लेकिन 19 जनवरी से उसका मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा। इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए जांच शुरू की। जांच की कड़ी पूर्णिया तक जा पहुंची।
ओटी इंचार्ज नीरज कुमार निकला मास्टरमाइंड
तकनीकी जांच के दौरान पूर्णिया के एक निजी अस्पताल के ओटी इंचार्ज नीरज कुमार का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने स्नेहा की गला दबाकर हत्या करने और शव को पूर्णिया के श्मशान घाट पर जलाने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी को पांच दिनों के रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की।
श्मशान घाट पर खुला राज
पुलिस टीम जब पूर्णिया के कप्तानपारा श्मशान घाट पहुंची तो वहां के डोम राजा ने मृतका और आरोपी की तस्वीर पहचान ली। मजिस्ट्रेट के सामने दिए गए बयान में डोम राजा ने बताया कि नीरज कुमार अकेले टोटो से शव लेकर आया था और खुद को मृतका का पति बताकर अंतिम संस्कार कराया था।
2022 से चल रहा था प्रेम संबंध
जांच में सामने आया कि स्नेहा और नीरज के बीच 2022 से प्रेम संबंध था। पिछले तीन महीनों में दोनों के बीच 198 बार बातचीत हुई थी। 17 से 19 जनवरी के बीच दोनों की मोबाइल लोकेशन एक ही स्थान पर मिली। बताया जा रहा है कि अंतरजातीय प्रेम संबंध और शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। नीरज के परिवार वाले उसकी शादी कहीं और तय कर रहे थे, जिससे तनाव और गहराया।
अंतरजातीय प्रेम बना हत्या की वजह
एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि आरोपी के परिवार वाले उसकी शादी दूसरी जगह तय कर रहे थे, जबकि स्नेहा उस पर शादी का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और 19 जनवरी को आरोपी ने अपने किराए के कमरे में स्नेहा की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने ठिकाना भी बदल लिया। एसपी ने कहा कि मामले में सभी वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा लिए गए हैं। जल्द ही चार्जशीट दाखिल कर स्पीडी ट्रायल की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.