गिरिडीह पुलिस ने ट्रैक्टर चालक इब्राहिम अंसारी हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश के चलते इब्राहिम की हत्या की गई थी। इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बेंगाबाद थाना क्षेत्र के ताराटांड़ पंचायत अंतर्गत बंदियाबाद (नईटांड) निवासी मन्नू कुमार और सुरेंद्र राम शामिल हैं। पचंबा थाना पुलिस ने मंगलवार को दोनों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता मन्नू कुमार है, जिसका नाम प्राथमिकी में दर्ज नहीं था। उन्होंने यह भी बताया कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है और सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दो दिन पूर्व पचंबा थाना क्षेत्र के पिंडाटांड-कजरो मार्ग पर सड़क किनारे एक युवक का शव बरामद किया गया था। बाद में मृतक की पहचान बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बंदियाबाद निवासी रहमान अंसारी के 19 वर्षीय पुत्र इब्राहिम अंसारी के रूप में हुई थी। घटना के बाद मृतक के पिता रहमान अंसारी ने पचंबा थाना में चार नामजद सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एक विशेष टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.