गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के चकलमुंडा गांव में प्रशासन ने अवैध माइका कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की है। इस दौरान गांव के दो अलग-अलग घरों से लगभग 55 टन अवैध माइका जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है। यह कार्रवाई अंचलाधिकारी अखिलेश प्रसाद के नेतृत्व में की गई। छापेमारी दल में अंचल निरीक्षक रितेश केशरी और तिसरी थाना के एएसआई लव कुमार सहित अन्य कर्मी शामिल थे। प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि चकलमुंडा गांव में अवैध रूप से माइका का भंडारण किया जा रहा है। दो घरों से बड़ी मात्रा में माइका बरामद किया गया सूचना के सत्यापन के बाद संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। इस दौरान दो घरों से बड़ी मात्रा में माइका बरामद किया गया, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया। प्रशासन द्वारा जब्त माइका को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, अवैध माइका खनन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। इस मामले में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध माइका कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन और तस्करी पर अंकुश लगेगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.