गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत चैताडीह गांव में शुक्रवार की देर शाम क्रिकेट खेलने को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। गांव के बच्चों के बीच शुरू हुई कहासुनी में कुछ ही देर में बड़ों की एंट्री हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। जानकारी के मुताबिक बच्चे रोज की तरह गांव में क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो पहले नोकझोंक और फिर हाथापाई में बदल गया। बच्चों के झगड़े की सूचना मिलते ही दोनों पक्षों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। विवाद और बढ़ गया। देखते ही देखते गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। दो बच्चों के सिर में गंभीर चोट, अस्पताल में भर्ती मारपीट के दौरान एक पक्ष के दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान नियाज और अहमद के रूप में की गई है। दोनों बच्चों के माथे में गहरी चोट आई है, जिससे काफी खून बहने की बात सामने आई है। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में दोनों को गिरिडीह सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार दोनों बच्चों की स्थिति फिलहाल स्थिर है, लेकिन एहतियात के तौर पर उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल देखा गया, हालांकि किसी बड़े टकराव की स्थिति नहीं बनी। पुलिस ने संभाली स्थिति, एक युवक हिरासत में घटना की जानकारी मिलते ही पचंबा इंस्पेक्टर मंटू कुमार और थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया। एहतियातन गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस ने मामले में एक युवक को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि क्रिकेट खेलने के दौरान बच्चों में विवाद हुआ था, जिसमें बाद में बड़े लोग भी शामिल हो गए। इसी दौरान मारपीट की घटना हुई, जिसमें दो बच्चे घायल हुए हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.