गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के केंदुआडीह मोड़ के पास शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना जोरदार था कि कार चारों पहियों के बल उलटकर सड़क किनारे जा खड़ी हुई। दुर्घटना में कार सवार दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को कार से बाहर निकालकर इलाज के लिए पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। तेज रफ्तार के कारण चालक खो बैठा नियंत्रण मिली जानकारी के अनुसार कार डुमरी से गिरिडीह की ओर जा रही थी। इसी दौरान केंदुआडीह मोड़ के पास अचानक चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया। तेज गति के कारण कार सड़क पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके की ओर दौड़े। लोगों ने देखा कि कार पलटी हुई है और अंदर दो लोग फंसे हुए हैं। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को कार से बाहर निकाला। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार हटवाया घटना की सूचना मिलते ही पीरटांड़ थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क किनारे हटवाया, जिसके बाद सड़क पर आवागमन सामान्य हो सका। थाना प्रभारी दीपेश कुमार ने बताया कि केंदुआडीह मोड़ के पास कार दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। कार में दो लोग सवार थे, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकालकर पीरटांड़ सीएचसी भेजा गया है। फिलहाल दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.