गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र के किसगो रानीबांध गांव में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। पत्थर लदे तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने पत्थर लदे हाईवा को घेर लिया और उसमें आग लगा दी। आग लगते ही वाहन धू-धू कर जलने लगा। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस को इसकी जानकारी दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बांका जिले की रहने वाली थीं मृतका मृतका की पहचान करीब 60 वर्षीय दुगनी देवी के रूप में हुई है। वह बिहार के बांका जिले के बौसी गांव की रहने वाली थीं। जानकारी के अनुसार, दुगनी देवी शुक्रवार रात किसगो गांव स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर से गादिकला में दूसरे रिश्तेदार के घर जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार पत्थर लदे हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। भागने की कोशिश कर रहा था चालक बताया जा रहा है कि हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर मौके से भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों ने वाहन को घेर लिया और उसे रोक लिया। घटना से गुस्साए लोगों ने विरोध जताते हुए हाईवा में आग लगा दी। आग लगने के बाद वाहन पूरी तरह जलने लगा। स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद हीरोडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। दमकल की मदद से आग पर पाया काबू घटना की जानकारी मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। दमकल वाहन की मदद से काफी मशक्कत के बाद हाईवा में लगी आग पर काबू पाया गया। इस मामले में खोरीमहुआ एसडीपीओ ने महिला की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि पत्थर लदे हाईवा की चपेट में आने से यह हादसा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.