होली के त्योहार को लेकर गाजियाबाद पुलिस ने इस बार सख्त रुख अपनाया है. त्योहार की आड़ में किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जबरन रंग लगाने, महिलाओं से बदसलूकी या नशे में वाहन चलाने पर सीधे कार्रवाई होगी. पुलिस ने साफ कहा है कि होली प्रेम और भाईचारे का पर्व है, इसे हुड़दंग का जरिया नहीं बनने दिया जाएगा.
संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है. लगातार चेकिंग अभियान चल रहे हैं और संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है, ताकि आम नागरिक सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें. गाजियाबाद के वेव सिटी जोन की एसीपी प्रिया श्रीपाल ने बताया कि होली से पहले और होली के दिन तक सड़कों पर लगातार पुलिस गश्त जारी रहेगी. संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया जा रहा है और स्थानीय लोगों के साथ बैठकें भी की जा रही हैं, ताकि किसी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति न बने.
महिलाओं और बुजुर्गों से बदसलूकी पर सख्त कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अगर किसी ने जबरन रंग लगाया, खासकर महिलाओं, बच्चों या बुजुर्गों के साथ बदसलूकी की, तो तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी. शिकायत मिलते ही आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा.
‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशे में ड्राइविंग पर शिकंजा
त्योहारों के दौरान शराब का सेवन बढ़ने को देखते हुए पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ भी तेज कर दिया है. अगर कोई वाहन चालक शराब पीकर गाड़ी चलाता हुआ पकड़ा गया तो उसका चालान काटा जाएगा, लाइसेंस निलंबित किया जा सकता है और जरूरत पड़ने पर वाहन भी जब्त होगा. पुलिस का कहना है कि नशे में वाहन चलाना सिर्फ कानून का उल्लंघन नहीं बल्कि दूसरों की जान से खिलवाड़ है. इसलिए ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी.
112 पर दें सूचना, पुलिस हर वक्त तैयार
गाजियाबाद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि होली को प्रेम, सम्मान और जिम्मेदारी के साथ मनाएं. किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि, छेड़छाड़ या हुड़दंग की सूचना तुरंत 112 पर दें. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि वह हर नागरिक के साथ खड़ी है और जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद पहुंचाई जाएगी. साफ चेतावनी है त्योहार के नाम पर अगर सड़कों पर हुड़दंग किया तो जेल तय है. इसलिए रंगों के इस पर्व को खुशी और सद्भाव के साथ मनाएं, ताकि होली की असली मिठास बनी रहे.
About the Author
पिछले 4 साल से मीडिया इंडस्ट्री में काम कर रही हूं और फिलहाल News18 में कार्यरत हूं. इससे पहले एक MNC में भी काम कर चुकी हूं. यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की बीट कवर करती हूं. खबरों के साथ-साथ मुझे…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.