गया शहर के रेड क्रॉस परिसर में आज सेंट्रल बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के देखरेख में एक होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। शहर के व्यापारी, उद्यमी और समाजसेवियों ने इस समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लिया। अपने संबोधन में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को लोकतांत्रिक समाज की आधारशिला बताते हुए आपसी विश्वास और सौहार्द को मजबूत करने वाला बताया। बढ़ते तनाव पर चिंता व्यक्त की विधानसभा अध्यक्ष ने अपने वक्तव्य में अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य का उल्लेख करते हुए इज़रायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत सदैव शांति और सह-अस्तित्व की नीति का समर्थक रहा है और भारत सरकार निरंतर वैश्विक स्तर पर शांति स्थापना के प्रयासों में लगी है। डॉ. प्रेम कुमार ने दुनिया को भगवान बुद्ध के बताए करुणा और अहिंसा के सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया और समाज में व्यापारिक समुदाय की भूमिका पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि त्योहार सामाजिक दूरी को मिटाकर लोगों को एक मंच पर लाते हैं और आपसी संबंधों को प्रगाढ़ बनाते हैं। समारोह का माहौल रंगों, गुलाल और अबीर की खुशबू से सराबोर रहा, जहां उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनां दीं। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और पारंपरिक होली गीतों ने भी लोगों को आकर्षित किया। यह आयोजन शहर में सामाजिक सौहार्द और सकारात्मक संदेश देने वाला एक महत्वपूर्ण अवसर बनकर उभरा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.