गया के फतेहपुर थाना क्षेत्र के बड़गांव में होली के दिन रंग लगाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें कई महिलाएं भी शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। होली के अवसर पर रंग-अबीर लगाने के दौरान दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। आरोप है कि रंग लगाने और कपड़े फाड़ने की घटना के बाद विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के समय कुछ लोग शराब के नशे में थे, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि दिलीप राजवंशी, संजय राजवंशी, कुंदन राजवंशी और मिथिलेश राजवंशी सहित कई लोगों ने लाठी-डंडों से हमला किया। इस हमले में कई महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। एक पीड़ित परिवार के सदस्य ने बताया कि जब वे अपने बेटे को बचाने पहुंचे, तो हमलावरों ने उन्हें भी बेरहमी से पीटा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जिस परिवार को होली का त्योहार मनाना था, वह अस्पताल पहुंच गया। पीड़ितों ने इस संबंध में फतेहपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है और स्थिति पर नजर रख रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.