गयाजी में आज एक युवक की मौत हो गई है। घटना के बाद मृतक की 5 साल की बेटी ने सिमरन ने कहा है कि मम्मी, नाना, मामा और नानी ने मिल कर पापा को मारा है। पापा चिल्ला रहे थे। उन्होंने उनका मुंह दबा दिया। घटना को लेकर मृतक के परिवार में आक्रोश है। मृतक की पहचान बोधगया थाना क्षेत्र के चिन्मा गांव निवासी नीतीश कुमार (30) के रुप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि नीतीश की गला दबाकर हत्या की गई है। घटना के पीछे पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद है। मृतक की मां ने कहा है कि बहू की ओर से लगातार ससुराल में ही रहने का दबाव बनाया जा रहा था। नीतीश इसका विरोध करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर अनबन होती थी। मृतक के चाचा राजेश चौधरी और पप्पू चौधरी ने बताया कि नीतीश घर से पूरी तरह स्वस्थ हालत में ससुराल गया था। आज सुबह ससुराल वालों की ओर से सूचना दी गई कि वह चौकी से गिर गया है और उसकी मौत हो गई। शरीर पर किसी तरह की गंभीर चोट के निशान नहीं थे। इससे मामला संदिग्ध लग रहा है। परिजनों ने जताई ससुराल में हत्या की आशंका उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर बोधगया पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआत में ससुराल पक्ष ने चौकी से गिरने की बात कही। बाद में कहा गया कि नीतीश ने फांसी लगा ली। हालांकि घटनास्थल पर फांसी से जुड़ा कोई साक्ष्य नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। मृतक की पांच साल की बेटी सिमरन ने भी आरोप लगाया कि उसके पिता के साथ मारपीट की गई और मुंह दबाकर उनकी हत्या की गई। परिजनों ने बताया कि नीतीश ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी छह साल पहले मियां बिगहा की रहने वाली निशी से हुई थी। उसके दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया है। बोधगया थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि अब तक परिजनों की ओर से लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच की है और अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। फिलहाल, पूरे मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.