Last Updated:
Garlic Farming Tips: लहसुन की जड़ें मजबूत हों और कलिया मोटी आएं इसके लिए कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी है. मनातू गांव की प्रमिला अपने आंगन में लहसुन की खेती करती हैं. बहुत थोड़ी सी जमीन पर सही तकनीक के इस्तेमाल से वे बंपर पैदावार करती हैं. आप भी जानिए ये टिप्स.
रांची. रांची से 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित मनातू गांव की प्रमिला अपने घर के छोटे से आंगन में ही अच्छी खासी लहसुन की पैदावार करती हैं. प्रमिला बताती हैं कि लहसुन को बाजार में बेचती हूं और अपने रिश्तेदारों को भी देती हूं. इसकी कलियां बहुत बड़ी और मोटी होती हैं. आधे डिसमिल में फिलहाल इसकी खेती करती हूं और 3 महीने में काफी अच्छी पैदावार देखने को मिल जाती है. लेकिन इसके लिए हम दो-चार बातों का ध्यान रखते हैं.
ऐसे रखें लहसुन का ख्याल
उन्होंने बताया कि लहसुन के पौधे जब थोड़े बड़े होने लगते हैं, तो इस समय हर 10 दिन के अंतराल पर इसमें राख डालनी चाहिए. किसी भी चीज की राख हो सकती है. दरअसल, राख डालने से मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है और इसकी जड़ें काफी मजबूत होती हैं. अगर ऐसा करते हैं तो कीटनाशक की जरूरत बिल्कुल नहीं पड़ेगी. मिट्टी में मिलाने से अच्छा है कि आप इसे ऊपर ही डाल दें, यानी ऊपर राख दिखनी चाहिए.
पानी का ध्यान रखना है
वे आगे कहती हैं कि इसके अलावा पानी का भी ध्यान रखना है. कई बार लोग बहुत ज्यादा पानी डाल देते हैं. इस वजह से जड़ें गल जाती हैं. ऐसा भूलकर भी नहीं करना है. जब देखें कि नमी पूरी तरह सूख चुकी है, यानी लगभग 80 प्रतिशत नमी खत्म हो चुकी है, तभी पानी डालना चाहिए. मतलब दो-तीन दिन में एक बार आप अच्छे से पानी दे सकते हैं. अधिक पानी डालने से सावधान रहें.
ऐसे बड़ी बनती हैं कलियां
साथ ही बीच-बीच में बकरी का अपशिष्ट भी डाल सकते हैं. कई लोग अपने घरों में बकरी पालते हैं, जैसे हमारे घर में बकरी है, तो उसका जो अपशिष्ट होता है, हम उसे भी डालते हैं और बहुत अच्छा परिणाम देखने को मिलता है. दरअसल, बकरी के अपशिष्ट में अमीनो एसिड और कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं, जिससे जड़ें मजबूत होती हैं और कलियां काफी बड़ी बनती हैं.
धूप लगनी चाहिए
इसके अलावा इसमें पर्याप्त धूप लगनी चाहिए. कोशिश करें कि घर में ऐसी जगह लगाएं, जहां दिनभर सीधी धूप आती रहे. जैसे मैंने आंगन में लगाया है और यहां खुली जगह है, इसलिए धूप की समस्या नहीं होती. सुबह से शाम तक सीधी रोशनी आती है, क्योंकि लहसुन को पर्याप्त धूप की जरूरत होती है. बस इन बातों का ध्यान रख लीजिए और फिर देखिए कि कैसे एक ही क्यारी में आप 6 से 7 किलो तक उत्पादन ले सकते हैं.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.