न्यूरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) की माला रेंज में गश्त कर रही वन विभाग की टीम पर कथित रूप से लकड़ी तस्करों व ग्रामीणों ने हमला कर दिया। घटना में वन दरोगा समेत पांच लोग घायल हो गए। हमलावरों ने वन विभाग की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले में 14 नामजद और करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार विभाग की टीम मंगलवार देर रात नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान जंगल से सटे क्षेत्र में एक डनलप में लकड़ी भरकर ले जाते कुछ लोग दिखाई दिए। टीम ने उन्हें रोकने और पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपियों ने वनकर्मियों से कहासुनी की। देखते ही देखते मारपीट हो गई। हमले में बनकटी चौकी इंचार्ज वन दरोगा सुमित कुमार और टाइगर ट्रेकर धर्मेंद्र के सिर व हाथ में चोटें आई हैं। अन्य कर्मचारियों को भी चोट लगी है। सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
वन दरोगा ने दर्ज कराई रिपोर्ट
वन दरोगा सुमित कुमार की तहरीर पर थाना न्यूरिया में नितिन, बंटी, लाला राम राजपूत और प्रेम समेत 14 नामजद तथा करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के दौरान गांव मरौरी निवासी अशोक कुमार और ओम प्रकाश भी घायल हुए हैं। उनका कहना है कि वे खेत पर जानवरों की रखवाली कर रहे थे, तभी विवाद के दौरान उन्हें चोटें आईं। हालांकि वन विभाग की तहरीर में उनके नाम शामिल नहीं किए गए हैं।
थानाध्यक्ष सुभाष मावी ने बताया कि वन विभाग की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.